अंबाला। कालका-शिमला विश्व धरोहर रेल खंड के बंद होने से दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने कालका स्टेशन से तारा देवी स्टेशन तक ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। यह काम जतोग-समरहिल रेलवे स्टेशन के बीच में 14 दिन तक किया जाना है।
आगामी सफर तारा देवी से शिमला के बस के संचालन का फैसला किया है और वो भी मात्र 22 रुपये में। इसके लिए रेलवे ने हिमाचल परिवहन निगम के साथ समन्वय स्थापित किया है, जिससे कि यात्रियों की परेशानी को कुछ हद तक दूर किया जा सके।
अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट यश्नजीत सिंह ने बताया कि कालका-शिमला रेल खंड पर पुल नंबर 800 का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे मानसून के मौसम में ट्रेनों का सुरक्षित तरीके से संचालन किया जा सके।
इसलिए 30 मई से 12 जून तक कालका से शिमला आने-जाने वाली ट्रेनों को सुरक्षा और संरक्षा न चलाने का फैसला किया है।
हालांकि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने 4 ट्रेनें कालका से तारादेवी स्टेशन के बीच चलाई हैं। इसके अलावा तारा देवी और शिमला के मध्य ट्रेनों की समय सारिणी के अनुसार दो हिमाचल रोडवेज की बसों का संचालन भी किया जा रहा है।
इसका प्रति व्यक्ति यात्री किराया मात्र 22 रुपए सुनिश्चित किया गया है। ये बसें तारा देवी स्टेशन के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर उपलब्ध रहेंगी और इन बसों का संचालन आईएसबीटी शिमला तक किया जाएगा।
यात्रियों को ट्रेनों के संचालन को लेकर पहले ही संदेश भेजे जा चुके हैं।