नारायणगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 03-नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारी की जा रही हैं। इसी कड़ी में स्थानीय स्तर पर बीएलओ के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम शिवजीत भारती और बीडीपीओ जोगेश कुमार ने बीएलओ को दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से न छूटे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न हो। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को नए मतदाताओं के पंजीकरण और गणना पत्रों को भरने की बारीकियां समझाई गईं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में पंचायत प्रतिनिधियों और पार्षदों का भी सहयोग लिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए। संवाद