अंबाला। सोनीपत में किसान परिवार में जन्मे रविंद्र खत्री ने पिता सतबीर सिंह के साथ खेतीबाड़ी की। इसके साथ-साथ अजय शर्मा से वुशु का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद वह चंडीगढ़ और उत्तरप्रदेश के नोएडा में स्कूल और कॉलेज स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान वुशू के नेशनल और इंटरनेशनल खिलाड़ी तैयार किए। इसमें चार खिलाडी, पुलिस, सीआरपीएफ में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मौजूदा समय में रविंद्र खत्री वुशू के जूनियर कोच बन अंबाला सिटी के सेक्टर- 10 स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम में वुशू के 50 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
रविंद्र खत्री ने बताया कि वह सोनीपत के निवासी है, 2005 में जब वे 17 साल के थे, उस समय वह पिता के साथ खेतों में काम करते थे। तभी उन्होंने साेनीपत अकादमी में कोच अजय शर्मा से वुशू का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण लेने के बाद वह राज्य स्तर पर नेशनल सिल्वर मेडलिस्ट रहे।
12 साल नोएडा में तैयार किए खिलाड़ी
रविंद्र खत्री ने बताया कि वह 12 साल तक उत्तरप्रदेश के नोएडा में रहे। जहां पर उन्होंने स्कूल और काॅलेज के बच्चों को वुशू का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने वर्ल्ड चैंपियन तनीष नागर और नेशनल मेडलिस्ट मनीषा भाटी को तैयार किया। मनीषा भाटी को यूपी का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार रानी लक्ष्मीबाई खेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी तरह से जूनियर एशियन चैंपियनशिप में ऋषभ नागर ने मेडल प्राप्त किया। वहीं इंटरनेशनल चिंटू नागर ने भी मेडल प्राप्त किया। इसी के साथ उन्होंने एक साल तक चंडीगढ़ में भी प्रशिक्षण दिया। मौजूदा समय में नेशनल मेडलिस्ट मनीषा भाटी सीआरपीएफ में, ऋषभ नागर और चिंटू नागर उत्तरप्रदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा तनीष नागर नेशनल कैंप लगा रहे हैं। इसी के साथ रविंद्र खत्री ने पटियाला से एनआईएस कोचिंग का कोर्स किया।
बतौर वुशू जूनियर कोच दे रहे प्रशिक्षण
साल 2018 में रविंद्र खत्री बतौर वुशू कोच अंबाला में आए इसके बाद उन्होंने अंबाला सिटी के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में खिलाड़ियाें को प्रशिक्षण दिया, 2019 में कोलकाता में आयोजित सब जूनियर चैंपियनशिप में खिलाड़ी मनरीत ने सिल्वर मेडल प्राप्त किया। इसी तरह से 2020 में कन्याकुमारी में आयोजित सब जूनियर चैंपियनशिप में पायल रंगा ने ब्राउंज मेडल प्राप्त किया, 2022-23 में श्रीनगर में आयोजित खेलो इंडिया नार्थ जोन वुमेन लीग में महिला खिलाडि़यों ने तीन पदक प्राप्त किए। जिसमें मुस्कान ने एक सिल्वर और रिया स्नेहा ने दो ब्राउंज पदक प्राप्त किए, जम्मू में आयोजित खेलो इंडिया नेशनल गेम में रिया स्नेहा ने दो ब्राउंज पदक जीते।