कालका से दिल्ली और अंबाला कैंट से पैसेंजर ट्रेनें आगामी 10 दिन तक दिल्ली नहीं जाएगी। दोनों ही पैसेंजर ट्रेन सहारनपुर तक दौड़ेगी। कालका से दिल्ली पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से भी चलेगी। इसीलिए पैसेंजर ट्रेन में दिवाली के मौके पर दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही अप-डाउन की ट्रेनें 10 दिन तक 4 घंटे के ब्लॉक के चलते रद्द रहेंगी। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली डिवीजन के अंतर्गत आने वाले मुफ्जफरपुर से नगल और स्टेशन तक सिंगल लाइन है। इस पर रेलवे की ओर से चार घंटे तक लगातार काम करने के लिए ब्लॉक लिया गया है ताकि रेलवे लाइन का काम किया जा सके। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन नंबर 64562 अंबाला कैंट दिल्ली पैसेंजर 11 अक्टूबर के साथ-साथ 14, 15, 18, 21, 22, 25, 28, 29 अक्टूबर और एक नवंबर को सहारनपुर रेलवे स्टेशन से आगे कैंसिल कर दी गई है। यह ट्रेन अंबाला कैंट से सहारनपुर तक जाएगी और सहारनपुर से दिल्ली के बीच में बंद दस दिन तक बंद रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 64561 दिल्ली से अंबाला कैंट पैसेंजर बंद रहेगी। यह ट्रेन सहारनपुर से अंबाला कैंट के बीच में चलेगी। यात्रियों को बस के जरिए ही दिल्ली जाना पड़ेगा या फिर वाया पानीपत, करनाल के रास्ते दिल्ली जाने वाली वाली ट्रेनों के जरिए जाना होगा। इन ट्रेनों की वजह से आम जनता के साथ-साथ दैनिक यात्रियों पर काफी असर रहेगा।
कालका दिल्ली दो घंटे होगी लेट
सीनियर डीसीएम अंबाला हरि मोहन ने बताया कि ट्रेन नंबर 54304 कालका से दिल्ली पैसेंजर ट्रेन 7 बजकर 40 मिनट कालका से दिल्ली के चलती है। लेकिन ब्लॉक के चलते यह ट्रेन कालका रेलवे स्टेशन से दो घंटे देरी से चलेगी और सहारनपुर रेलवे स्टेशन तक ही दौड़ेगी। यह ट्रेन अब कालका रेलवे स्टेशन से 9 : 40 पर चलेगी और कैंट रेलवे स्टेशन पर 10 बजकर 20 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन दुखेड़ी रेलवे स्टेशन पर 10 बजकर 41 मिनट पर, केसरी स्टेशन 10 :47 बजे, तंदवाल 10 : 56 और बराड़ा रेलवे स्टेशन पर 11: 04 बजे पहुंचेगी। यात्रियों को ट्रेन के लिए दो घंटे का इंतजार करना पड़ेगा।