अंबाला। छावनी बस स्टैंड पर यातायात सुरक्षा लापरवाही से चल रही है। परिसर अवैध पार्किंग का अड्डा है। यहां पर वाहन चालक अपने रिश्तेदारों और यात्रियों को बस स्टैंड के अंदर काउंटर तक छोड़ रहे है।
इसके अलावा निजी वाहन चालक भी बस स्टैंड परिसर इस्तेमाल कर गाड़ियों को परिसर में ही खड़ा कर रहे हैं। इन वाहन चालकों को रोकने वाला कोई नहीं है।परिवहन मंत्री अनिल विज के निरीक्षण के बाद बस स्टैंड पर व्यवस्थाएं ठीक नहीं हुई। रोडवेज की ओर से वाहन चालकों को रोकने के लिए परिसर में चेतावनी बोर्ड लगाया है लेकिन इसके बाद भी वाहन चालक नियमों को तोड़ रहे हैं।
रात्रि को वाहन चालक परिसर से बैठाते हैं सवारी
रात्रि के समय ई रिक्शा, ऑटो और कार चालक अपने वाहनों को छावनी बस अड्डा परिसर में ले आते हैं। इसके बाद वह वाहनों को एक साइड में खड़ाकर बस से उतरने वाले यात्रियों को वाहनों में बैठाकर चले जाते हैं। रात के समय पुलिस और होमगार्ड के जवान भी डयूटी पर रहते हैं लेकिन इन वाहन चालकों को कोई नहीं रोकता।
कई राज्यों के यात्री लेते हैं सेवाएं
छावनी में बड़ा बस अड्डा हैं। यहां से 500 से ज्यादा बसों का आवागमन होता है। इसके अलावा रोजाना 10 हजार से ज्यादा यात्री उत्तरप्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, पंजाब व अन्य राज्याें के लिए आवागमन करते हैं। पहले बस स्टैंड परिसर में लालकुर्ती पुलिस चौकी होने के कारण वाहन चालक अपने वाहनों को बस स्टैंड परिसर के अंदर लाने से परहेज करते थे। लेकिन जब से यह पुलिस चौकी लाल कुर्ती बाजार में गई है तब से वाहन चालकों पर कोई रोकटोक नहीं रही है। अब वह ई रिक्शा, ऑटो, कार में सवारियों को लेकर बस स्टैंड के अंदर आते हैं। इसके बाद वह यात्रियों को उतारने के बाद वाहन लेकर वहीं खडे़ होकर अन्य यात्रियों का इंतजार करते हैं।
वर्जन
अवैध वाहन चालकों को रोकने के लिए बस स्टैंड परिसर में चेतावनी बोर्ड लगाया है। इसके बाद भी वाहन चालक नहीं मानते। वह अपने वाहनों के लिए बस स्टैंड में आते हैं। इसके अलावा समय-समय पर वाहन चालकों के चालान कराए जाते हैं।
बिजेंद्र , अड्डा इंजार्च, अंबाला छावनी।
आलराउंडर अंबाला छावनी निवासी युवा कप्तान युवराज- फोटो : संवाद