ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से ड्राइवर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
अंबाला के मटेहड़ी के पास पीएनबी बैंक मोड़ पर एक दर्दनाक हादसे में 29 वर्षीय मनीष, निवासी अधोमाजरा, की मौत हो गई। मनीष ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर अपनी दुकान की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में एक पशु आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके नीचे मनीष दब गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और क्रेन की मदद से मनीष को निकाला। हादसे के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में मनीष को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मनीष के पिता राजेंद्र ने बताया कि तीन साल पहले मनीष की शादी हुई थी और उसकी दो साल की बेटी है। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि रास्ते की खराब हालत के कारण इस क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। शुक्रवार को ही दो अन्य वाहनों की टक्कर का मामला भी सामने आया था।