करनाल। डिंगर माजरा-बरसत रोड पर 14 नवंबर की रात को तीन लाख रुपये हड़पने की साजिश रचने वाले आरोपी ट्रैक्टर चालक पानीपत के गढ़ी बेसक निवासी गुलजार को रिमांड खत्म होने के बाद रविवार को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी से कुछ राशि भी बरामद की है। जबकि दूसरे आरोपी जुबेर की तलाश में पुलिस पानीपत में दबिश दे रही है।
सीआईए वन की टीम ने आरोपी गुलजार को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि वह और उसका साथी जुबेर 14 नवंबर को यमुनानगर में लकड़ी बेचने गए थे। वहां से आते हुए दोनों ने खुद ही लूट की साजिश रची थी। वह मालिक के तीन लाख रुपये की राशि हड़पना चाहते थे। सीआईए वन प्रभारी संदीप मंढ़ान ने बताया कि आरोपी को एक दिन का रिमांड खत्म होने के बाद अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शिकायतकर्ता गढ़ी बेसक गांव निवासी जुबेर ने घरौंडा पुलिस को शिकायत दी थी कि 14 नवंबर 2025 को रात को वह और उसका साथी ट्रैक्टर ट्राॅली में लकड़ी लोड करके यमुनानगर में बेचने के लिए गए थे। लकड़ी बेचने के बाद रास्ते में आते समय डिंगरमाजरा बरसत रोड पर दो बाइकों पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने दोनों से तीन लाख रुपये की राशि लूट ली थी।
आरोपियों ने हवाई फायर भी किए थे। शिकायत पर घरौंडा थाना पुलिस ने लूट की धाराओं में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की जांच सीआईए वन को सौंपी गई। टीम ने मामले की गहनता से तफ्तीश करते हुए पाया कि शिकायतकर्ता के साथी गुलजार ने ही लूट का षड्यंत्र रचा गया था, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और लूट में शामिल उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।