जगाधरी, बराड़ा, सरसावा सहारनपुर आदि शहरों में शनिवार सुबह रोजाना अप-डाउन करने वाले यात्री परेशान रहे। दूसरी ओर लांग रूट पर जाने वाले यात्री भी सामान लेकर स्टेशन पहुंच गए।
इन्हें भी जबरदस्त परेशानी का सामना करना पड़ा। इसकी वजह रही रेलवे द्वारा लिया गया आठ घंटे का मेगा ब्लॉक। इस वजह से अंबाला-सहारनपुर ट्रैक पर चलने वाली सभी ट्रेने प्रभावित हुईं। बहुत सी ट्रेनों को रद भी कर दिया गया था।
स्टेशन पर पहुंचकर यात्रियों को पता चला कि विभाग ने मेगा ब्लॉक लिया हुआ और उनकी ट्रेनें या तो रुट बदलकर चलाई जा रही हैं या फिर रद कर दी गई हैं। इसके बाद लोकल पैसेंजर ने बस स्टैंड का रुख कर लिया, लेकिन लॉन्ग रूट पर जाने वाले यात्री स्टेशन पर ही सिर पकड़ कर बैठ गए।
स्टेशन पर बेहाल हुए यात्री
लॉन्ग रूट पर जाने वाले यात्रियों को मेगा ब्लॉक के कारण घंटों इंतजार करना बड़ा। ये यात्री अपनी ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर ही घंटों इंतजार करते रहे।
जबरदस्त गर्मी ने इन यात्रियों की परेशानियां को और भी बढ़ा दिया। मुरादाबाद जाने वाले सतीश चौधरी और राकेश सिंह ने बताया कि उनके टिकट कन्फर्म हैं, लेकिन उन्हें अब यह नहीं पता कि उनकी ट्रेन कब स्टेशन पर आएगी।
इसलिए स्टेशन पर ही इंतजार कर रहे हैं। पूछताछ खिड़की पर उन्हें बताया गया है कि ट्रेनें डायवर्ट होकर आ रही है। इस वजह से बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करते रहे।
बस स्टैंड पर उमड़ी भीड़
मेगा ब्लॉक की वजह से सबसे ज्यादा परेशान दैनिक रेल यात्री हुए। लॉन्ग रूट के यात्रियों के लिए स्टेशन पर बैठना मजबूरी थी क्योंकि उनकी ट्रेनों डायवर्ट कर दिया गया था और उनके पास कन्फर्म टिकट थे। इसके उलट दैनिक यात्रियों को समय पर अपने कार्यालयों में पहुंचना था।
इसलिए उन्होंने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बस स्टैंड का रुख कर लिया। इसके बाद यात्रियों भीड़ बस स्टैंड पर उमड़ पड़ी। आलम यह हो गया कि यात्रियों की अपेक्षा बसों की संख्या कम पड़ गई। बसें पहले ही भरी हुई आ रही थीं। यहां आने के बाद यात्री उनमें जबरदस्ती घुसने लगे।
भीड़ को देखते हुए बहुत से बस चालकों ने बस स्टैंड के बाहर से ही बसें निकालना शुरू कर दिया। बस स्टैंड पर खड़ी सोनिया, कुसुम, रानी, सचिन, रोहित, कुमार, मयंक और सन्नी ने बताया कि वह करीब दो घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, मगर जगाधरी, सहारनपुर की ओर जाने वाली बस ही नहीं आ रही है।
उतराखंड जाने वाले भी हुए परेशान
सहारनपुर तक ट्रैक बंद होने की वजह से उतराखंड खासकर रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले यात्री परेशान हुए। इन शहरों में जाने के लिए सहारनपुर से होकर गुजरना पड़ता है। इस वजह से इन शहरों के लिए जाने वाले रेलयात्री भी बस स्टैंड आ गए। इन यात्रियों को भी घंटों तक बस का इंतजार करना पड़ा।
मायूस होकर लौटे यात्री
बहुत से यात्रियों को न तो ट्रेन मिली, न ही बसें। इसलिए वे मायूस होकर लौट गए। यात्री पुनीत शर्मा, कारोबारी संदीप, प्रवीण कुमार, संतोष ने बताया कि उन्हें सहारनपुर और जगाधरी जाना था। लेकिन, उन्हें न तो ट्रेन मिली और न ही बसें। इसलिए वह लौट रहे हैं।
इसलिए बंद था अंबाला-सहारनपुर ट्रैक
अंबाला केसरी रेलवे स्टेशन के बीच लिमिटेड हाइट सब-वे बनाया जा रहा है। अंबाला-बराड़ा स्टेशन के बीच पुराने जर्जर पुल को बदला जाना था। ये काम रेलवे ने सुबह पौने नौ बजे शुरू किया।
यह काम शाम पौने पांच बजे तक चलता रहा। पांच बजे के करीब दोनों तरफ के ट्रैक को ओके किया गया। इस दौरान रेलवे के कंस्ट्रक्शन और इंजीनियरिंग विभाग के अफसर मौके पर मौजूद रहे। मेगा ब्लॉक के कारण दो ट्रेनें रद रहीं, जबकि दस ट्रेनें को शार्ट टर्मिनेट किया गया। आठ ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए।