अंबाला। प्रदेशभर की रैंकिंग में अव्वल स्थान पाने के बाद मूलचंद आईटीआई अंबाला कैंट के छात्रों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ गए हैं। कारण कि अब संस्थान के पास नई-नई कंपनियां आ रही हैं। अब तक आईटीआई की तरफ से छह यूनिट के लिए अंबाला की दो बड़ी कंपनियों के साथ समझौता हो चुका है, जबकि आगे भी प्रयास जारी हैं।
बता दें कि दोहरी प्रशिक्षण एवं प्रणाली के तहत कंपनी के साथ समझौता होता है, जो छात्रों को न केवल ट्रेनिंग देते हैं बल्कि बेहतरीन काम करने वाले छात्रों को पढ़ाई के बाद रोजगार भी देते हैं। अंबाला की ओसा उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के साथ ही आईटीआई की पांच यूनिट का एमओयू यानी समझौता हुआ है। इसमें ट्रेड फीडर की दोनों यूनिट, वेल्डर की एक यूनिट, मशीनिस्ट की दोनों यूनिट शामिल हैं, जबकि एसके एग्रो के साथ वेल्डर की यूनिट के लिए समझौता हुआ है। बता दें कि आईटीआई मूलचंद में 12 ट्रेड व 24 यूनिट हैं, जबकि करीब 450 विद्यार्थी हैं।
-
मूलचंद आईटीआई में यह है ट्रेड व यूनिट की स्थिति
ट्रेड यूनिट
इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक - 02
टर्नर - 02
वेल्डर - 02
मशीनिष्ट - 02
फिटर - 02
एस एस ए हिंदी - 01
वायरमैन - 02
इलेक्ट्रीशियन - 03
कोपा - 03
डी एम सी - 02
इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक - 02
डाटा एंट्री ऑपरेटर - 01
देशभर में तीसरे स्थान पर रही थी आईटीआई
चार मई को हुई अधिकारिक पुष्टि के बाद देशभर की 14 हजार 951 राजकीय आईटीआई में अंबाला कैंट की मूलचंद आईटीआई का दबदबा रहा था। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी रैंकिंग में जहां अंबाला कैंट आईटीआई ने देशभर में तीसरा स्थान पाया, वहीं प्रदेशभर में 10 में से 9.6 ग्रेडिंग लेकर अव्वल रही।
-
आईटीआई की ओर से दो कंपनियों के साथ छह यूनिट के लिए समझौता हो गया है। जल्द ही एक और के साथ होने जा रहा है। ऐसे में छात्रों को रोजगार के लिए सुनहरा अवसर मिलेगा।
-दीपेश महेंद्रू, प्राचार्य, मूलचंद आईटीआई अंबाला छावनी