अंबाला सिटी। रोडवेज वर्कशाप में शौचालय की हालत खस्ता होने और पानी निकासी न के कारण कर्मचारियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कर्मचारियों को वर्कशाप से बाहर बने सार्वजनिक शौचालयों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। गेट के पास बने स्मार्ट शौचालय का गटर भरने के कारण गंदा पानी ओवरफ्लो हो रहा है।
वहीं, वर्कशाप परिसर में जलभराव के कारण कर्मचारियों को बसों को पानी में खड़ा करना पड़ा रहा है। इससे बसों के टायर भी खराब होने का खतरा है। पानी के कारण मैकेनिक बसों की रिपेयर नहीं कर पा रहे हैं जबकि रोडवेज के अधिकारी इन जर्जर शौचालयों की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बताया जाता है कि दो साल पहले स्मार्ट शौचालय बनाए गए थे इनका रखरखाव भी रोडवेज ठीक से नहीं कर पा रही है। हालात यह हैं कि कर्मचारियों को परेशान होना पड़ रहा है।
वर्कशॉप में 600 कर्मचारी हैं कार्यरत
रोडवेज वर्कशाप में चालक परिचालक, मैकेनिक, वाशिंग स्टाफ, सफाई कर्मचारी, वेल्डर, इलेक्टि्रशन, लुहार, कार पेंटर, कौशल कर्मचारी, अप्रेंटिस कर्मचारी व अन्य स्टाफ है कुल मिलाकर वर्कशाप में 600 के करीब कर्मचारी है जो रोजाना अपने अपने काम करते हैं। यह सभी कर्मचारी पिछले तीन-चार साल से परेशानी झेल रहे हैं।
यूनियन के कर्मचारी आक्रोशित, बोले कई बार कर चुके शिकायत
रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलजिंद्र जांगड़ा ने बताया कि वर्कशाप में छह शौचालय बने हुए है ओर तीनों ही जर्जर हालत में है और खराब पडे़ है। कई बार कर्मचारियों को राजपूत छात्रावास में बने कमरों में शौचालय के लिए जाना पड़ता है। हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन संबंधित इंटक प्रधान बसंता सैनी ने बताया कि रोडवेज वर्कशाप में पानी निकासी के काई प्रबंध नहीं है।
हल्की बरसात के बाद कई दिनों तक एक से दो फीट तक पानी जमा रहता है। जलभराव के कारण मैकेनिक बसों के नीचे जाकर रिपेयर तक नहीं कर पा रहे हैं। वहीं दिनभर डयूटी के बाद वापस रोडवेज आई गाड़ियां पूरी रात पानी में खड़ी रहती हैं। जिससे उनके टायर खराब होने का खतरा बना रहता है। वहीं भारतीय मजदूर संघ के प्रधान रविंद्र ने बताया कि अधिकारियों को जल्द से जल्द शौचालय की समस्या का समाधान करवाना चाहिए, कई बार अधिकारियों को इस बारे में अवगत करवा चुके हैं लेकिन शौचालय की और कोई ध्यान नहीं देता, ऐसे में हम कर्मचारी कहां जाएं।
हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ सांझा मोर्चा के प्रधान रमेश श्योकंद ने बताया कि वर्कशाप के गेट पर कंपनी की और शौचालय बनाया गया था। एक महीने से इस शौचालय का गटर भर गया है और पानी ओवर फ्लो होकर होकर शौचालय से बाहर निकल रहा है। इसलिए मजबूरी में शौचालय पर ताला लगाया गया है।
वर्जन
वर्कशॉप को नए तरीके से बनाया जाएगा। इसलिए अभी शौचालय आदि का कार्य नहीं हो सका है। जब भी वर्कशॉप का जीर्णोद्धार होगा तो शौचालयों का प्रबंध भी किया जाएगा। -महेंद्र शर्मा, मैनेजर, अंबाला डिपो वर्कशॉप
अंबाला शहर स्थित रोडवेज वर्कशाप में जमा बरसात का पानी।
अंबाला शहर स्थित रोडवेज वर्कशाप में जमा बरसात का पानी।