अंबाला सिटी। लंबे समय से अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहीं आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन सोमवार को परिवहन मंत्री असीम गोयल के निवास का घेराव करेंगी और अपना मांग पत्र सौंपेंगी।
जिला प्रधान अनुपमा ने बताया कि सरकार ने उनकी मांगो को नजरअंदाज करते हुए उनके साथ सौतेला व्यवहार किया है।बीते कई वर्षों से वे अपनी मांगों को लेकर लड़ाई लड़ रही है। वेतन बढ़ोतरी से लेकर महंगाई भत्ता भी घोषणा के बाद अभी तक लागू नहीं किया गया है। आंगनबाड़ी वर्कर्स को अपने स्तर पर ही साधनों का इंतजाम करना पड़ता है। जबकि इसके लिए सरकार को भुगतान करना चाहिए।
इन मांगाें पर जताएंगी रोष
प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2018 में घोषित 1500/700 की बढ़ोतरी दी जाए जो कि हरियाणा को छोड़कर पूरे देश में मिल रही है। मुख्यमंत्री की ओर से सुपरवाइजर के सभी पदों पर वर्करों से भरने का वायदा पुरा किया जाए। हर वर्ष सितंबर में महंगाई भत्ता देने का वायदा किया था। वर्ष 2220-2023 का भत्ता जल्दी लागू कराया जाए। हेल्परों की प्रमोशन को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत की जाए। शिक्षा विभाग की तरह वर्कर, हेल्पर को गर्मी सर्दी की छुट्टियां लागू की जाए। खाली पड़े पदों पर हेल्परों व वर्करों की भर्ती की जाए। मैन्यू के हिसाब से हर महीने राशन भेजा जाए व ईंधन का बकाया दिया जाए।