अंबाला। स्टेशन पर घूमने वाले अनधिकृत लोगाें पर शिकंजा कसेगा, वहीं बिना टिकट और वर्दी सहित आई कार्ड न पहनने वाले वेंडरों पर भी कार्रवाई की जाएगी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने यह फैसला किया है ताकि स्टेशन पर फैली अव्यवस्थाओं को दूर किया जा सके और यह प्रक्रिया स्टेशन की सुरक्षा के लिए भी कारगर साबित हो सके।
बाहर जाने वाले रास्तों पर तैनात होंगी टीमें
रेलवे स्टेशन से बाहर जाने वाले रास्तों पर वाणिज्य विभाग की टीमें तैनात की जाएंगी जोकि स्टेशन से बाहर जाने वाले यात्रियों की टिकट जांच करेंगे। इस दौरान कोई भी यात्री या बाहरी व्यक्ति बिना टिकट के पाया गया तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा, वहीं जुर्माना अदा न करने वाले व्यक्ति को आगामी कार्रवाई के लिए आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
अधिकारी कर रहे मुआयना
कैंट रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए विभागीय अधिकारी लगातार मुआयना कर रहे हैं। पिछले सप्ताह दो बार अंबाला रेल मंडल के सहायक प्रबंधक सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने स्टेशन का दौरा किया था और यहां साफ-सफाई सहित अन्य जो भी खामियां देखीं थीं, उन्हें तुरंत प्रभाव से दूर करने के निर्देश दिए थे।
महाप्रबंधक का संभावित दौरा
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक का सालाना दौरा भी शुरू होने वाला है। इस दौरान वो अंबाला मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे, इसलिए विभागीय अधिकारियों के स्टेशन पर लगातार चल रहे मुआयने को महाप्रबंधक के दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं स्टेशन पर रंग-रोगन सहित अन्य रख-रखाव के कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
ट्रेनों का संचालन लगातार बढ़ता जा रहा है, ऐसे में यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक हो गई है, इसलिए अनधिकृत यात्रियों के प्रवेश पर लगाम लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बिना टिकट कोई भी व्यक्ति स्टेशन पर प्रवेश न कर पाए।
- विनोद भाटिया, डीआरएम अंबाला।
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेशद्वार। संवाद