अंबाला। दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे स्थित नन्हेड़ा मोड़ अहाते के कर्मचारियों ने पार्टी करने के लिए बैठे तीन युवकों की जमकर पिटाई कर दी। एक युवक की हालत देख पीजीआई रेफर कर दिया। जबकि अन्य दो के चोटें आई थी। पुलिस ने घायल सुखविंद्र सिंह की शिकायत पर अहाते के कर्मचारी उत्तरप्रदेश निवासी सहजराम, उदयराज और अन्य पर केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में नन्हेड़ा गांव निवासी सुखविंद्र सिंह ने बताया कि वह 18 फरवरी को चाचे के लड़के जसमीत और दोस्त विशाल के साथ नन्हेड़ा मोड पर नेशनल हाईवे के पास बने अहाते में पार्टी करने के लिए बैठा था। इतने में अहाते में काम करने वाले लड़कों से खाना मांग तो उनमें से एक ने उसके साथ गालीगलौज और बहस शुरू कर दी।
जब उसे रोकना चाह तो कर्मचारी सहज राम ने उसके सिर पर लोहे का सरिया मार दिया। उसी समय उदयराज भी आया तो थप्पड़ मुक्के मारने शुरू कर दिए। देखते ही देखते अहाते से 4-5 कर्मचारियों से आते ही उसके साथी जसमीत व विशाल से भी मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उसका मोबाइल व पर्स भी अहाते में ही गिर गया था। डायल-112 की गाड़ी मौके पर पहुंची और तीनों को उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल लाया गया। चिकित्सक ने उसे उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया था लेकिन परिजन उसे अंबाला सिटी सद्दोपुर के एमएम अस्पताल में ले गए थे।