दैनिक यात्रियों और सामान्य श्रेणी में अनारक्षित टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बार तीन नई ट्रेनों का संचालन शुरू होने जा रहा है। आज यानी सोमवार को सहारनपुर से नंगलडैम के बीच एक तो 6 अप्रैल को दो ट्रेनें यानी नंगलडैम- अंबाला और अंबाला-सहारनपुर के बीच संचालित होंगी। इन ट्रेनों के शुरू होने से अंबाला मंडल के लगभग 30 छोटे-बड़े स्टेशनों से चढ़ने और उतरने वाले सैकड़ों यात्रियों को राहत मिलेगी।
बता दें कि यह तीनों ट्रेनें 22 मार्च 2020 यानी कोरोना काल से बंद पड़ी थीं। इन ट्रेनों के माध्यम से दैनिक यात्री, नौकरीपेशा वाले, व्यापारी और छात्र आवागमन करते थे। ट्रेनों के बंद होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। यही कारण था कि उन्हें प्राइवेट वाहनों और बसों का सहारा लेकर अपनी मंजिल तक पहुंचना पड़ता था। इस संबंध में दैनिक यात्रियों की तरफ से एक मांग पत्र भी रेल प्रबंधक को सौंपा गया था। तब जाकर यह प्रस्ताव रेलवे हाईकमान तक पहुंचा था और इन ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।
आज चलने वाली ट्रेन की समय सारिणी
सहारनपुर-नंगलडैम ट्रेन नंबर 04523 सहारनपुर स्टेशन से शाम 4.40 बजे रवाना होकर शाम 6.20 पर अंबाला छावनी और रात 10.30 पर नंगलडैम स्टेशन पहुंचेगी। बीच रास्ते ट्रेन यमुनानगर-जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, बराड़ा, अंबाला छावनी, अंबाला शहर, राजपुरा, सराय बंजारा, सरहिंद, रोपड़, आनंदपुर साहिब स्टेशनों पर ठहरेगी।
कल चलने वाली ट्रेन
6 अप्रैल को चलने वाली नंगलडैम-अंबाला ट्रेन नंबर 04524 नंगलडैम स्टेशन से सुबह 5.50 बजे रवाना होकर सुबह 9.30 बजे अंबाला छावनी स्टेशन पहुंचेगी। बीच रास्ते ट्रेन आनंदपुर साहिब, कीरतपुर साहिब, भरतगढ़, घनौली, रोपड़, मियांपुर, कुराली, मोरिंडा, न्यू मोरिंडा, नौगंवा, बस्सी पठाना, फतेहगढ़ साहिब, सरहिंद, साधुगढ़, सराय बंजारा, राजपुरा, शंभु और अंबाला शहर स्टेशनों पर ठहरेगी।
अंबाला-सहारनपुर भी संचालित
ट्रेन नंबर 04532 अंबाला छावनी स्टेशन से 6 अप्रैल को दोपहर 12.40 बजे रवाना होगी और दोपहर 2.40 बजे सहारनपुर स्टेशन पहुंचेगी। बीच रास्ते ट्रेन दुखेड़ी, केसरी, तंदवाल, बराड़ा, मुस्तफाबाद, दराजपुर, जगाधरी वर्कशॉप, यमुनानगर-जगाधरी, कलानौर, सरसावा और पिलखनी स्टेशनों पर रुकेगी।
पहले से चल रही अनारक्षित ट्रेन
मंडल ने पहले ही विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की परेशानी को देखते हुए तीन जोड़ी अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया हुआ है। इसमें ट्रेन नबर 4501/02 सहारनपुर-ऊना हिमाचल, ट्रेन नंबर 04533/34 अंबाला से नंगलडैम और ट्रेन नंबर 04525/26 अंबाला-श्रीगंगानगर का संचालन हो रहा है।
रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। मौजूदा समय में लगभग 156 ट्रेनों का संचालन हो रहा है जो अप्रैल माह में बढ़कर 170 से भी अधिक हो जाएगा। इसमें दैनिक यात्रियों के लिए भी तीन ट्रेनों का संचालन सोमवार और मंगलवार से आरंभ हो जाएगा। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेन भी यात्रियों के लिए जल्द आरंभ होने की उम्मीद है।
-हरि मोहन, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक