अंबाला। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला और उसके बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा नेशनल हाईवे-44 पर जग्गी सिटी सेंटर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी।
जबकि दूसरा हादसा पड़ाव थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहड़ा-शाहपुर मार्ग पर हुआ, जिसमें रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने स्कूटी सवार मां-बेटे को कुचल दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गलत दिशा से आए ट्रैक्टर-ट्राली ने स्कूटी सवार मां-बेटे को रौंदा : दूसरा दर्दनाक हादसा अंबाला-लाडवा मार्ग पर रिंग रोड मोहड़ा-शाहपुर रोड के पास चैतन्य स्कूल के सामने हुआ। यहां गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्राली ने स्कूटी सवार मां-बेटे को कुचल दिया। चालक घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली समेत मौके से फरार हो गया।
मोहाली के खरड़ (सन्नी एन्क्लेव) निवासी कर्मचंद ने पड़ाव थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन किरण बाला (वासी सैनी मोहल्ला, लाडवा, कुरुक्षेत्र) और उनका भांजा कृष्णा धीमान खरड़ उनसे मिलने आए थे।
19 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे दोनों अपनी टीवीएस जुपिटर स्कूटी पर सवार होकर लाडवा के लिए निकले थे, जबकि कर्मचंद स्कूटी से उनके पीछे-पीछे चल रहे थे। जब वे सुबह करीब पौने सात बजे शाहपुर डांगरी पुल के आगे पहुंचे, तो कर्मचंद लघुशंका के लिए रुक गए। ब्यूरो