अंबाला। गत एक माह में हुए तीन हत्याकांड पुलिस के लिए मिस्ट्री बने हैं। इसमें छावनी के सुंदर नगर में 61 वर्षीय चरणदास के मृत मिलने और नग्गल के दीनारपुर गांव में अनमोल की गोली लगने पर मौत का मामला शामिल है। हालांकि अनमोल हत्याकांड में दो गिरफ्तारी भी हो चुकी है लेकिन अभी तक असल वजह सामने नहीं आई। ये बात अब तक राज है कि यह हर्ष फायरिंग थी या हत्या। छावनी के पल्लेदार मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय मयंक की संदिग्ध हालात में मौत से पर्दा नहीं उठा है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
चरणदास हत्याकांड
ठोस सुराग की तलाश में पुलिस
छावनी के 61 वर्षीय चरणदास ही हत्या मामले में 13 दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि मृतक के बेटे सोनू ने पड़ाव थाना को दिए बयान में मछोंडा गांव निवासी बलजिंद्र सिंह पर हत्या के आरोप लगाए थे। बावजूद इसके अभी तक न तो कोई गिरफ्तारी हुई और न ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाया। दरअसल, 11 फरवरी को चरणदास का शव अपने ही प्लॉट में खून से सना मिला था। मौके पर बाइक भी नहीं थी। हालांकि पुलिस ने बाइक को कुछ दिन बाद ही पड़ाव थाना क्षेत्र के पास से बरामद कर लिया था। अंबाला कैंट डीएसपी रमेश ने बताया कि अभी मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
अनमोल हत्याकांड
फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
नग्गल थाना क्षेत्र के दीनारपुर गांव में अनमोल 26 वर्षीय अनमोल की गोली लगने पर मौत मामले में मुख्य आरोपी राजीव और बलदेव दो गिरफ्तार हो चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक मौत के असल कारण नहीं पता लग पाया है कि रंजिशन गोली मारकर हत्या की गई है या फिर हर्ष फायरिंग हुई। इसके लिए पुलिस को फोरेंसिक एक्सपर्ट और पोस्टमार्टम दोनों रिपोर्ट के आने का इंतजार है। दरअसल, दानीपुर गांव में नाै फरवरी को दसुटन कार्यक्रम में गोली लगने पर अनमोल की मौत हुई थी। इस मामले में राजीव और बलदेव को पुलिस जेल भेज चुकी है। आरोपियों ने शुरुआती पूछताछ में हर्ष फायरिंग की बात कहीं और कोई रंजिशन नहीं बताई। नग्गल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मबीर ने बताया कि फोरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मयंक की मौत का मामला
छावनी पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
दोस्तों के साथ घूमने निकले छावनी के पल्लेदार मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय मयंक का शव आठ फरवरी को नन्हेड़ा रेलवे ट्रैक पर मिला था। पुलिस की प्राथमिक जांच में ट्रेन के सामने जाकर किशोर की ओर से आत्महत्या करने की बात सामने आई थी लेकिन परिजनों ने मयंक के तीन दोस्तों पर ही नशा देकर किसी अनहोनी को अंजाम देन के आरोप लगाए थे। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर से बोर्ड से छावनी नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया था, अब उसकी रिपोर्ट का इंतजार है। परिजन भी इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। इंस्पेक्टर अजायब सिंह का कहना है कि परिजन जो आरोप लगा रहे हैं उसकी भी गहनता से जांच की जा रही है।