बराड़ा स्थित एस्पिरेंट डिफेंस अकादमी का कैंपस। सोशल मीडिया
बराड़ा। बराड़ा-शाहाबाद मार्ग पर गांव जलूबी के समीप स्थित एस्पिरेंट डिफेंस अकादमी से रविवार सुबह तीन बच्चियां हॉस्टल की दीवार फांदकर भाग निकलीं। करीब 5 और 9 वर्ष की ये बच्चियां लावारिस हालत में गांव उगाला के एक व्यक्ति को मिलीं।
फिलहाल दिल्ली की दो बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है जबकि नासिक की बच्ची के माता-पिता के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इस निजी अकादमी में बच्चों को सेना, नीट व अन्य परीक्षा के लिए तैयार किया जाता है।
गांव उगाला में दुकान चलाने वाले संजीव कुमार ने पुलिस को बताया कि बताया उनके गांव के ही अनूप शर्मा को रविवार सुबह तीन बच्चियां संदिग्ध हालात में मिलीं, जिनके पास बैग था। अनूप शर्मा ने जब उनसे पूछा तो बच्चियों ने बताया कि वह डिफेंस अकादमी में पढ़ती हैं और वहीं हॉस्टल में रहती हैं। बच्चियों ने बताया कि अकादमी में उनसे मारपीट की जाती है, खाना नहीं दिया जाता है और उनके परिजनों से बात भी नहीं करने दी जाती है। इससे परेशान होकर वह अकादमी की दीवार फांदकर बाहर निकल गईं।
पुलिस के अनुसार, बच्चियों ने कहा कि वह अपने घर जाना चाहती हैं। संजीव कुमार ने बच्चियों से उसके परिजनों का मोबाइल नंबर लिया और उनकी बातचीत कराई। इसके बाद डायल 112 को फोन किया, जिस पर डायल 112 की गाड़ी वहां पहुंची औैर बच्चियों से बातचीत के बाद पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए। बच्चियों ने बताया कि अकादमी के माहौल में उनका दम घुट रहा था, जिसके चलते वे जान जोखिम में डालकर वहां से भागने को मजबूर हुईं। पुलिस ने बच्चियों को संरक्षण में लेकर जिला बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल दिल्ली की दो बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है, नासिक की बच्ची के माता-पिता के पहुंचने का इंतजार है। जिला प्रशासन अकादमी की जांच कर रहा है। संवाद