अंबाला। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगने के अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तीन ठगों को दबोच लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पहले मामले में नारायणगढ़ में दर्ज कबूतरबाजी के मामले में पंचकूला चंडी मंदिर के पास आरोपी राकेश कुमार प्रोडक्शन वारंट पर लिया। इस मामले में नगावा निवासी इकबाल सिंह ने शिकायत देते हुए कहा था कि चार दिसंबर 2018 से 12 जनवरी 2019 के दौरान आरोपी ने विदेश भेजने के मामले में उससे रकम हड़पने की धोखाधड़ी की है।
दूसरे मामले में थाना नारायणगढ़ में दर्ज कबूतरबाजी के मामले में गांव खानपुर निवासी आरोपी सरवन सिंह को काबू किया। इस संबंध में शिकायतकर्ता गांव खेड़की जट्टान निवासी गुरपाल सिंह ने 17 अक्तूबर 2022 को दी शिकायत में बताया था कि चार नवंबर 2021 को आरोपी व अन्य ने उसके पुत्र को विदेश भेजने के मामले में धोखाधड़ी की है।
तीसरे मामले में पुलिस ने थाना पड़ाव में दर्ज कबूतरबाजी के मामले में गांव खतौली निवासी जसपाल नाथ को काबू किया। शिकायतकर्ता महिला ने 16 मई 2023 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि 20 सितंबर 2021 से 27 अक्तूबर 2021 के दौरान आरोपी जसपाल नाथ व अन्य ने विदेश भेजने के मामले में उससे धोखाधड़ी की है।