अंबाला। शहजादपुर में स्टार हाईवे ढाबे के निकट उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली विधानसभा के तिसरियाड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय साहिल बिष्ट हत्याकांड मामले में तीन आरोपियों को काबू कर लिया है। सीआईए-1 की टीम द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान शहजादपुर निवासी सागर राणा, विकास उर्फ गामा व राहुल के रूप में हुई। तीनों ने ग्रेजुएशन कर रखी है और आपस में दोस्त है। सागर राणा, विकास उर्फ गामा को टीम ने 19 अगस्त को काबू कर लिया था और कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि राहुल को वीरवार कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया। सीआईए-1 के प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि 13 अगस्त को दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने साहिल की छाती में चाकू मारकर हत्या कर दी थी।
रिमांड में बाइक के साथ-साथ चाकू भी करना है बरामद, खंगाला जाएगा पुराना रिकॉर्ड
सीआईए-1 प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों से रिमांड के दौरान वारदात में शामिल की गई बाइक सहित चाकू भी बरामद किया जाएगा, साथ ही आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है ताकि पता चल सके कि इन युवकों ने किसी दूसरी वारदात को तो अंजाम नहीं दिया है। अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत द्वारा जांच का जिम्मा सीआईए-1 की टीम को सौंपा गया था।
यह था पूरा मामला
सीआईए-1 प्रभारी हरजिंदर ने बताया कि ढाबे पर काम करने के बाद 13 अगस्त की रात को साहिल अपने किराये के कमरे पर सोने के लिए जा रहा था। करीब 200 मीटर की दूरी पर ही चार बदमाशों ने झगड़ा करते हुए चाकू से हमला कर दिया। उस समय तो घायल अवस्था में साहिल ने भागकर ढाबे पर सूचना दी। खून से लथपथ हालत में शहजादपुर सीएचसी से चंडीगढ़ पीजीआई भेज दिया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।