मुलाना। हरियाणा के बाहर से नशा लाकर बेचने के मामले में सीआईए-1 ने अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित मारकंडा पुल के पास से कार सवार महिला समेत तीन आरोपियों के पास से दो किलो 600 ग्राम अफीम बरामद की। एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर नशा सप्लायर को काबू किया जाएगा।
सीआईए-1 अंबाला के पुलिस दल को सूचना मिली कि मारकंडा पुल के पास कार के माध्यम से नशे की तस्करी जा रही है। पुलिस दल ने अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित मारकंडा पुल पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान टीम को एक कार आते हुए दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोका। पुलिस ने कार में बैठे तीनों आरोपियों की तलाशी ली तो एक व्यक्ति के पास से बैग से दो किलो 600 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपियों की पहचान शहर के विजय नगर माडल टाउन निवासी सुनेश कुमार, बिहार के जिला मोतिहारी गांव मधुबनी नथूनी साहनी उर्फ राजू, व महिला किरण के रूप में हुई। पुलिस ने थाना मुलाना में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की कर दी।