मास्टर माइंड सहित तीन आरोपी का लिया दो दिन का रिमांड, रिकवरी एजेंट तो गोगा माडी का सेवादार
आरोपी सागर गांव की माडी में सेवादार, शिवम बाइक कंपनी का रिकवरी एजेंट व साहिल राजकीय कॉलेज का छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सिया वाटिका में रिसेप्शन पार्टी के दौरान सोनू की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में काबू तीन आरोपियों का पुलिस ने दो दिन का रिमांड लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि चाकू से एक के बाद एक वार करने वाला कसरेलां कलां निवासी सागर गांव की माडी में सेवादार है। जबकि दूसरा आरोपी शिवम एक बाइक कंपनी का रिकवरी एजेंट है व साहिल गवर्नमेंट कॉलेज का छात्र है। अंबाला कैंट थाना प्रभारी लखबीर सिंह ने बताया कि इस मामले में संलिप्त तीन अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
22 फरवरी की रात 12 बजे कॉलेज में हुए झगड़े की रंजिश में छह बदमाशों ने पैलेस की पार्किंग में भी चार युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में अंबाला सिटी के दुर्गा नगर निवासी सोनू (22) की मौत हो गई। रिसेप्शन के इवेंट प्लानर सुखराज (19) की बाजू व उनके भाई जसराज (19) की पेट व बीचबचाव करवाने आए भूपिंद्र (20) की जांघ में चाकू लगा था। जसराज की बिगड़ती हालत को देखते हुए कैंट के नागरिक अस्पताल से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया था।