माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। थाना महेशनगर पुलिस ने नकदी लूट के मामले का खुलासा करते हुए वारदात के अगले दिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से लूटी गई पूरी नकद राशि बरामद कर ली है। अदालत में पेश करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार के अनुसार, राणा कॉम्प्लेक्स, बब्याल (अंबाला छावनी) निवासी विनोद कुमार ने रविवार को थाना महेशनगर में शिकायत दी थी कि अमन व अन्य आरोपियों ने उनसे नकदी लूट ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझा लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन निवासी गांव खुड्डा, अमन निवासी गांव सलरहेड़ी छोटा खुड्डा तथा कार्तिक निवासी गांव छोटा खुड्डा के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ के बाद लूटी गई पूरी राशि बरामद की और उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और अपराध व अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।