- आरोपियों पर पहले भी झगड़ा, सट्टा के मुकदमे दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। अनाज मंडी के गेट नंबर 2 पर व्यक्ति से गाली गलौज कर पैसे की मांग करने व धमकी देने के मामले में तीन आरोपी पकड़े गए हैं। सीआईए नारायणगढ़ की टीम ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजौली गांव निवासी दलीप कुमार, विक्की व हैप्पी के रूप की है। सीआईए नारायणगढ़ के सह उप निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि तीनों पर पहले भी झगड़े, जुआ सट्टा आदि के मामले दर्ज है। शनिवार को कोर्ट में पेश कर विक्की व हैप्पी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया जबकि दलीप का दो दिन का रिमांड लिया।
बाइक पर जाकर दी थी धमकी
पुलिस को 13 फरवरी को दी तहरीर में सिंघपुरा निवासी पवन कुमार ने बताया था कि वह अपनी स्कूटी ठीक करवाने के लिए दोपहर के समय अनाजमंडी के गेट नंबर दो पर खड़े थे। तभी आरोपी दलीप कुमार व अन्य दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे। पहले तो आरोपियों ने गाली गलौज शुरू कर दी थी। कहने लगे कि यहां दोबारा दिखाई दिये तो मार देंगे। यदि बराड़ा में रहना है तो जो हम कहेंगे, वह हमें देना होगा। अगर हमारी डिमांड पूरी नहीं की तो जान से मार देंगे।