अंबाला। अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित काली पलटन पुल के पास हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। महज 15 घंटे में तीन बड़े हादसे हो गए। शुक्रवार को ट्रक की चपेट में आने पर कार सवार तीन लाेग घायल हो गए थे।
शनिवार सुबह ही खड़े ट्रक में टकराने के बाद बाइक सवार की मौत हो गई। इसके बाद एक शव वाहन ट्रक से टकरा गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि शव वाहन के पड़खच्चे उड़ गए और बैठे 13 लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। इसके बाद हाईवे पर जाम लग गया। इलाका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव वाहन और ट्रक को किनारे करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी। जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। लालकुर्ती चौकी प्रभारी कुलदीप ने कहा कि शिकायत आने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शव वाहन में ये लोग घाायल
हादसे में घायलों की पहचान अंबाला सिटी के मनमोहन नगर निवासी 30 वर्षीय सरजू लाल, गोपी चंद और महिला संतोष, बेबी, अर्शिता, सरोज, रेखा, हुसनी देवी और सुनीता के रूप में हुई। जबकि लालड़ू निवासी रिश्तेदार डेविड युवक के बाजू में कांच लगा। नीलोखेड़ी निवासी रंजना और लक्ष्मी, सोनिया भी चोटिल हो गई। घायल सरजू लाल ने बताया कि उनके मौसा तेजा कपड़े सप्लाई करने का काम करते थे। वह ग्वालियर गए थे और एक ट्रक ने 28 जून को कुचल दिया था। उसके बाद शव 30 जून की शाम को अंबाला पहुंचा था। ऐसे में रिश्तेदार सभी जमा होकर सुबह मनमोहन नगर से अंबाला कैंट गांधी मैदान के सामने कब्रिस्तान के लिए निकले थे कि अचानक काली पलटन पुल पर हादसा हो गया।
गोपी चंद को हार्ट सेंटर में करा दाखिल, दो महिलाओं के फ्रेक्चर
डॉक्टर ने बताया कि लालड़ू निवासी युवक डेविड की बाजू में कांच लगने के कारण गहरा घाव हो गया था और टांके आए हैं। गोपी चंद की छाती में गंभीर सूजन आने पर उसे हार्ट सेंटर में दाखिल कराया। दो महिलाओं की पैर और बाजू में फ्रेक्चर आया है। उधर, हादसे के बाद जहां परिवार के कुछ सदस्य संस्कार के लिए शव को कब्रिस्तान में लेकर पहुंचे तो कुछ अस्पताल में उपचाराधीन रहे। परिवार के सदस्यों का कहना था कि संस्कार पहले ही तीन दिन देरी से हो रहा है। ऐसे में परिवार के आधे सदस्यों के बीच ही संस्कार कर दिया।
टूटे स्ट्रैचर और व्हीलचेयर ने बढ़ाया दर्द
नागरिक अस्पताल छावनी में इमरजेंसी के बाहर मरीजों के लिए स्ट्रैचर्स और व्हीलचेयर हैं। शनिवार को टूटे स्ट्रैचर्स और व्हील चेयर परेशानी बन गए। जैसे-तैसे मरीजों को भीतर तक पहुंचा गया। मरीजों और तीमारदार ने भी कार्यप्रणाली को कोसते हुए कहा कि कम से कम यह तो दुरुस्त हो।
सीवरमैन की ट्रक से टकराकर मौत
शनिवार सुबह करीब आठ बजे बाइक सवार हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया था। हादसे में गंभीर रूप से घायल गांव शाहपुर निवासी 30 वर्षीय हितेंद्र ने दम तोड़ दिया। मृतक अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में सीवरमैन था और ड्यूटी पर जा रहा था। लालकुर्ती पुलिस ने गांव के एक युवक अंकुर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। जबकि शुक्रवार रात के समय भी ट्रक और कार में भिड़ंत गई थी। हादसे में गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी, वहीं कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
वर्जन
अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित काली पलटन पुल के बाद तीन हादसे हुए हैं। एक हादसे में मामला दर्ज कर लिया है जबकि दो की अभी शिकायत नहीं आई है। जैसे ही लिखित में शिकायत आती है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कुलदीप, थाना प्रभारी, लालकुर्ती चौकी