फतेहगढ़ की निवर्तमान महिला सरपंच के घर किसी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी लिखा पोस्टर लगा दिया। महिला निवर्तमान सरपंच के पति ने उक्त पोस्टर के संबंध में सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने तथ्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है।
फतेहगढ़ की निवर्तमान महिला सरपंच के पति समाजसेवी विक्रांत शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह उनके भाई ने बताया कि घर के गेट पर किसी ने पोस्टर चस्पाया हुआ है। इसमें पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस चौकी पटवी में दी। देखते ही देखते ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों में दहशत का माहौल था कि आखिर किस व्यक्ति ने इस तरह की हरकत की है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके राजनीतिक कद को बढ़ता देख शायद किसी को परेशानी हो और इसीलिए यह हरकत की गई हो। विक्रांत शर्मा ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। पटवी चौकी इंचार्ज सुरेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें सरपंच के घर के गेट पर धमकी भरा पोस्टर चस्पा होने की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने मौके पर जाकर इस बारे जांच शुरू कर दी है।