अंबाला सिटी में ईमेल पर धमकी मिलने के बाद पुलिस खोजी कुत्ते के साथ जांच करती हुई: स्वयं
- ईमेल मिलते ही मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते व डॉग स्क्वॉड ने चलाया तलासी अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। स्वतंत्रता दिवस समारोह से ठीक एक दिन पहले कई प्रमुख निजी स्कूल, नगर निगम कार्यालय और कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। हाल ही में हुए पंजोखरा साहिब विवाद के बीच शुक्रवार सुबह मिली इस धमकी के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही अंबाला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए स्कूलों, कोर्ट परिसर और नगर निगम कार्यालय के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। इस दौरान प्रवेश और निकास द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाकर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सख्त चेकिंग की गई।
15 अगस्त को माहौल खराब करने का यह एक प्रयास है। इससे संबंधित चेकिंग पूरी कर ली गई है और कुछ शरारती तत्व माहौल खराब करने के लिए ऐसा करते है। वहीं स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मुख्य रास्तों पर नाके लगा दिए गए हैं।
- कुलदीप सिंह, डीएसपी छावनी