मंत्री विज के फरमान पर भले ही सरकार ने अंबाला कैंट को उपमंडल का दर्जा दे दिया है और इसी के चलते यहां कैंट तहसील व एसडीएम कार्यालय भी टेंपरेरी तौर पर अपना काम भी शुरू कर चुका है। लेकिन कैंट के लोगों के लिए ये राहत सिटी इलाके के बीस हजार से ज्यादा बाशिंदों के लिए अब आफत बन जाएगी।
क्योंकि हरियाणा सरकार की अनुमति के बाद नई बनी कैंट तहसील के अंतर्गत आने वाले रकबे को अधिसूचित कर दिया गया है और कैंट तहसील के इस नोटिफाई एरिया में अंबाला सिटी की कई कालोनियों को शामिल कर लिया है। दरअसल, ये कालोनियां पहले कुछ गांवों के अंतर्गत थी, लेकिन अब चूंकि एरिया नगर निगम के दायरे में आ गया है, तो ये कालोनियां नगर निगम का हिस्सा है। ये अधिकतर कालोनियां सिटी के वार्ड नंबर एक से संबद्ध है।
सिटी के ये इलाके कैंट तहसील में आए
कैंट के नोटिफाई तहसील एरिया में सिटी इलाके में पडने वाले मंडौर, खतौली, धनकौर, बरनाला, गरनाला व जनैतपुर एरिया शामिल है। जिनमें बलदेव नगर का कुछ एरिया, सुभाष नगर, राज विहार, राजा गार्डन, रोज गार्डन, जग्गी गार्ड के तीनों फेज, आसा सिंह गार्डन, न्यू दशमेश कालोनी, टैगोर गार्डन कॉलोनियों के हिस्से शामिल है। ये तमाम इलाके पूरी तरह से सिटी में शामिल थे, लेकिन अब इन्हें कैंट तहसील में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
कई किलोमीटर का करना पड़ेगा सफर
सिटी के कई इलाकों को कैंट में ट्रांसफर करने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लोगों को अब कैंट तहसील और एसडीएम कार्यालय में कार्य हेतु कई किलोमीटर का सफर तय कर अंबाला कैंट पहुंचना होगा, जबकि अभी तक तहसील व एसडीएम कार्यालय संबंधी काम ये लो महज तीन किलोमीटर के दायरे में ही अंबाला सिटी में ही करवा लेते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, सिटी स्थित संबंधित एरिया के लोगों को लंबा सफर तय कर काम के लिए कैंट आना होगा।
पार्षद बोली, बदलाव को मंत्री विज से मिलूंगी
वार्ड नंबर एक की पार्षद सोनिया रानी कहती हैं कि ये सिटी में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी परेशानी की बात है। इसी मसले को लेकर वह मंत्री अनिल विज से मिलेंगी और उनसे गुहार करेंगी कि कैंट तहसील में शामिल की गई उन कालोनियों को वापस सिटी तहसील में ही रखा जाए, जिन्हे कैंट तहसील के नए नोटिफाई एरिया में शामिल कर लिया गया है। ताकि ये लोग सिटी तहसील व एसडीएम कार्यालय में ही अपने काम करवा सकें और हाइवे के कई किलोमीटर लंबे सफर से बच सकें। क्योंकि कैंट आने में लोगों को बहुत ज्यादा परेशानी होगी।
कैंट तहसील के लिए एरिया नोटिफाई हो गया है, सिटी की कई कालोनियां कैंट तहसील का हिस्सा बन गई है। अब ये तो हरियाणा सरकार की अधिसूचना है, विभाग इसमें कुछ नहीं कर सकता, जो भी आदेश हैं, उसे क्रियान्वित किया जाएगा।
-टीआर गौतम, तहसीलदार, अंबाला