सोमवार को दोपहर पौने तीन बजे अंबाला में भूकंप के झटकों से लोग सहम गए। आनन-फानन में लोग अपने घरों, कार्यालयों व बिल्डिंगों से बाहर निकल आए, जबकि करीब तीस सैकेंड तक यह झटके महसूस किए गए। बाजारों में दहशत का माहौल रहा, जबकि लोगों का कहना है कि इतनी देर तक भूकंप के झटके लगने से खतरा काफी था, लेकिन यह सौभाग्य रहा कि जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। मुलाना, नारायणगढ़, बराड़ा, सिटी, साहा में भी इसी तरह भूकंप आने के कारण लोग दहशत में सड़कों पर आ गए। सोमवार को दोपहर पौने तीन बजे लोगों को अचानक चक्कर आने जैसा महसूस हुआ, जबकि कईयों को कमरे में लटके पंखें आदि हिलते दिखे। लोगों को तुरंत लगा कि भूकंप आया है और लोग अपने घरों व दफ्तरों से बाहर निकल आए। करीब तीस सैकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए जाते रहे। कैंट के रहने वाले स्नेहपाल धीमान, अनिल कुमार ने बताया कि वे काम कर रहे थे कि अचानक मेज आदि हिलना महसूस हुआ। इसके बाद तो तुरंत लोग बिल्डिंगों से बाहर भागे और समझने में देर नहीं लगी कि भूकंप आया है। इसी तरह कैंट के दीपक शर्मा, रोमन सिंह ने बताया कि वे घर पर थे और टीवी देख रहे थे। अचानक बैड और पंखा हिलने लगा, जिससे आभास हो गया कि भूकंप के झटके आ रहे हैं, जिसके बाद वे अन्य परिजनों के साथ तुरंत घर से बाहर आए। इसी तरह राजीव गुप्ता, प्रदीप कुमार ने कहा कि वे ड्यूटी कर लौटे थे और घर पर लेटे थे। इसी दौरान अचानक बैड हिलने लगा कुछ सैकेंड तो ऐसे ही पड़े रहे, लेकिन लगा कि भूकंप है, तो तुरंत कमरे से बाहर निकले। इसी तरह सिटी सेक्टर नौ की रहने वाली नीरू शर्मा व उनके बेटी अंकिता ने बताया कि भूकंप के कारण कमरे के पंखे, दीवार घड़ी हिलने लगी, जबकि सिर भी हल्का चकराने लगा। इसी से समझ आ गया कि भूकंप आया है और वे तुरंत घर से बाहर निकल आए। इसी तरह सिटी के सिटी सिविल अस्पताल की डाक्टर अर्पिता गर्ग ने बताया कि भूकंप आया, तो वे तुरंत अस्पताल की बिल्डिंग से बाहर आए, जबकि अन्य डाक्टर भी बाहर आ गए। भूकंप के चलते मरीज भी वार्डों से बाहर निकल आए।
फोन कर पूछा परिचितों का हाल भूकंप के झटकों से डरे सहमे लोगों ने तुरंत ही मोबाइल के जरिये अपने घरों व परिचितों को फोन कर उनका हालचाल पूछा। एक के बाद एक लोगों के मोबाइल भी बजने लगे और हर कोई यही पूछ रहा था कि क्या भूकंप आया है। इसी तरह सोशल मीडिया पर भी यह खबर चल निकली।
पहली बार झेला ऐसा भूकंपकैंट के रहने वाले आनंद मोहन शुक्ला, रोहित, युवराज वालिया, जसबीर सिंह, हेमंत शर्मा ने बताया कि पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, जो करीब पांच से सात सैकेंड के रहे हैं। लेकिन इस बार तो करीब 30 सैकेंड तक यह झटके आते रहे। इसी कारण से लोगों में दहशत सबसे ज्यादा रही है।