अंबाला। आनंद नगर दलीगढ़ स्थित मकान के मेन गेट की दीवार फांदकर चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर लिए। थाना कैंट पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना कैंट पुलिस को दी शिकायत में मुकेश कुमार ने बताया कि वह आनंद नगर ए दलीपगढ़ का निवासी है। उसके पिता गुगाराम का 10 नवंबर को देहांत हो गया था। इस कारण परिवार के सदस्य क्रिया आदि में व्यस्त थे और 4, 5 दिन से परिवार के सभी सदस्य रात के समय दूसरे मकान में सोने के लिए चले जाते थे।
19 नवंबर की रात को परिवार के सदस्य खाना खाकर घर के गेट पर ताला लगाकर दूसरे मकान में सोने चले गये। अगले दिन सुबह 6 बजे अपने घर पर आया और गेट का ताला खोलकर अंदर देखा तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद उसने कमरे में जाकर देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है और घर से नकदी और जेवर गायब थे। जिसे किसी ने चोरी कर लिया। पीड़ित के अनुसार चोर बाहर के मेन गेट की साइड की दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। इस शिकायत के बाद पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। संवाद