अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी के मामले को खालिस्तानी धमकी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। केंद्र की सरकारी एजेंसियों ने रेलवे को चेतावनी जारी की है कि पंजाब सहित अन्य हिस्सों में घातक गतिविधियां हो सकती हैं। इसलिए ट्रेन के संचालन, विशेषकर मालगाड़ियों के माध्यम से भेजे जाने वाले सामान की विशेष निगरानी करें कि कहीं विस्फोटक सामग्री को तो नहीं भेजा जा रहा। सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर अब अंबाला मंडल ने भी स्टेशन के ईद-गिर्द चौकसी काफी बढ़ा दी है। ये जानकारी अंबाला मंडल के प्रबंधक मंदीप सिंह भाटिया ने दी।
उन्होंने बताया कि सादी वर्दी में कई जगह कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसमें कई सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं ताकि कहीं कोई कमी न रहे, अगर फिर भी हालात गंभीर हों तो तुरंत मौके पर मदद भेजी जा सके। उन्होंने बताया कि पिछले करीब 2-3 माह से सुरक्षा पर लगातार मंथन चल रहा है। पिछले दिनों मिले पत्र के बाद से हालात ज्यादा गंभीर हो गए हैं। इसलिए कैंट स्टेशन पर धमकी के मामलों सहित अन्य किसी प्रकार की जानकारी मिलने के संबंध में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एनआईए की सुरक्षा टीम ने भी स्टेशन का मुआयना किया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा सके।
-