अंबाला सिटी। शहर में पिछले कई दिन से पीने के पानी की किल्लत बढ़ गई है। इस वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वार्ड-10 में पार्षद मिथुन वर्मा ने रविवार को टैंकर मंगवाकर पानी की समस्या को दूर किया।
सोमवार को नगर निगम मेयर सैलजा सचदेवा के प्रतिनिधि मनोनीत पार्षद संदीप सचदेवा के निरीक्षण में पानी के दो टैंक खाली मिले, जबकि एक में पानी था। अब आने वाले दिनों में टैंक भरने के बाद ही पेयजल की समस्या दूर होगी। शहर के हरी पैलेस, शिवालिक कॉलोनी, रविदास बस्ती, रेलवे रोड, कलाल माजरी, न्यू इंद्रपुरी कॉलोनी, इंद्रपुरी, नदी मोहल्ला में पीने के पानी की समस्या आ रही है।
आंधी और बारिश से ट्रांसफार्मर खराब
नरवाना ब्रांच नहर इस्माइलपुर हेड से शहर में पीने का पानी आता है। यहां से जनस्वास्थ्य विभाग पानी को मोटर से लिफ्ट करता है। बीते दिनों आई आंधी और बारिश से इस्माइलपुर हेड पर जनस्वास्थ्य विभाग का बिजली ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इस वजह से मोटर नहीं चलने से बिजली की किल्लत रही और शहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाया। शहर की कॉलोनियों में एक ही समय में पानी पहुंच रहा है। पानी का प्रेशर कम होने से ऊंचे क्षेत्र में पानी नहीं पहुंच पाता। इससे लोगों की दिक्कत बढ़ रही है।
पानी के दो टैंक खाली, एक भरा
जनस्वास्थ्य विभाग के शहर में तीन टैंक हैं। इनमें से दो खाली है और एक भरा है। खराब मौसम और बिजली की किल्लत भी दिक्कत बढ़ा रही है। इस वजह से टैंकर भी नहीं भर पा रहे। इसके साथ ही शहर में गर्मी होने से पानी की खपत भी बढ़ गई है। रोजाना करीब 56 एमएलडी पानी की खपत हो रही है।
वार्ड-10 की कई कॉलोनी में दिक्कत
पार्षद अधिवक्ता मिथुन वर्मा ने बताया कि उनके वार्ड में न्यू इंद्रपुरी, इंद्रपुरी, कलाल माजरी सहित अन्य जगहों पर पिछले कई दिनों से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। एक समय ही पानी मिल रहा है, लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं मिल पा रहा। रविवार को वार्ड के इन तीनों क्षेत्र में टैंक मंगवाकर पानी उपलब्ध करवाया गया। रात 11 बजे तक तीन टैंकर पानी के मंगाए। सोमवार दोपहर में पानी सप्लाई शुरू हो पाई।
तीन दिन में हालात सुधरने की की संभावना : सचदेवा
नगर निगम मेयर सैलजा सचदेवा के प्रतिनिधि मनोनीत पार्षद संदीप सचदेवा ने पानी टैंक का निरीक्षण किया। सचदेवा ने कहा कि हरी पैलेस, शिवालिक कॉलोनी, रविदास बस्ती, रेलवे रोड में पीने के पानी की समस्या आ रही है। एक ही समय पानी आ रहा है और वह भी कम आ रहा है। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के टैंक का निरीक्षण किया तो देखा कि दो खाली हैं और एक में पानी है। इस्माइलपुर हेड पर आंधी-बारिश के कारण ट्रांसफार्मर खराब होने से पानी सप्लाई में दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बिजली सप्लाई पूरी होगी तो तीन दिन में समस्या ठीक हो जाएगी। सचदेवा ने कहा कि वह बिजली निगम अधिकारियों से बिजली सुचारू रूप से चलाने के लिए बात करेंगे ताकि शहर में पानी की दिक्कत न आए।