अंबाला के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में डंपस्टर टू डेकोर थीम पर जिला स्तरीय दीर्घ दिवस बाजार आयोजित हुआ। इसमें छह कॉलेजों ने कचरा प्रबंधन पर रचनात्मक समाधान प्रस्तुत किए। विजेताओं को प्रमाणपत्र व इनाम दिए गए।
अंबाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वीरवार को जिलास्तरीय दीर्घ दिवस बाजार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उच्चतर शिक्षा निदेशालय पंचकुला के तत्वावधान में वातावरण जागरूकता कार्यक्रम के अवसर पर डंपस्टर टू डेकोर थीम पर आयोजित हुआ। इस अवसर पर उच्चतर शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक प्रो. डॉ. विशाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्राचार्य प्रो. डॉ. देसराज बाजवा ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि वर्तमान युग में वेस्ट मैनेजमेंट पर ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि कचरे का निपटान किया जा सके।
इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में राजकीय महाविद्यालय साहा से रेनू ऋषु भी मौजूद रहीं। इस दौरान अंबाला जिले के छह महाविद्यालयों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए। इसमें वेस्ट मेटिरियल से जूट बैंक, गहने और डेकोरेशन मेटिरियल जैसी बहुत सी प्रदर्शनियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के तहत राजकीय महाविद्यालय अंबाला छावनी ने कुल 18 प्रतियोगिताओं, पर्यावरण जागरूकता रैली और वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही इंटर कॉलेज पोस्टर मेकिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. देसराज बाजवा ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को इनाम व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।