(अंबाला) नारायणगढ़। अनाज मंडी के गत दिनों चोरी हुई लगभग 250 बैग मक्का व गेहूं का मसला अभी सुलझा ही नहीं था कि बुधवार की देर रात 45 कट्टे चावल चोरी कर लिए। लगातार हो रही चोरियों को लेकर आढ़ती एसोसिएशन में भी रोष है। प्रधान मदन चानना का कहना था कि अनाजमंडी में भी फसल सुरक्षित नहीं है तो आखिर कहां जाए। 250 बैग मक्का व गेहूं चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया लेकिन मुख्य सरगना अभी भी गिरफ्त से बाहर है। ऐसे में प्रधान ने चेतावनी देते हुए पुलिस को रविवार तक मुख्य आरोपी को पकड़ने का समय दिया है।
आरोपी काबू नहीं होता है तो अनाजमंडी को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा। उधर, 45 कट्टे चावल चोरों ने अनाज मंडी के शेड के नीचे खड़े ट्रक से किए, जोकि नारायणगढ़ के एफसीआई गोदाम से बुधवार की देर सांय भरा गया था। ट्रक चालक तेजपाल निवासी भागसी के अनुसार यह चावल वीरवार को सुबह कालाआम्ब के एफसीआई गोदाम में पहुंचाना था। गाड़ी में उसने 490 कट्टे चावल और सात बैग गेहूं के एफसीआई गोदाम से लोड किए थे। मैंने अपने ट्रक को तिरपाल से बांध दिया और अपने गांव चला गया था। लौटा तो चोरी हो गया था। चालक ने मंडी के चौकीदार पर शक जाहिर किया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।