- परिजनों ने क्रशर चालकों पर लगाए यातना देने के आरोप, पुलिस बोली- बीमारी है मौत का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
धूलकोट। सेंट्रल जेल में बंद एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। परिजनों ने क्रशर चालकों पर आरोप लगाते हुए जांच करने व कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, युवक को 20 सितंबर को पुलिस ने क्रशर मशीन से तार चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल भेजा था।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि नारायणगढ़ स्थित क्रशर चालकों ने उसे रंगे हाथों पकड़ने का दावा करते हुए पहले मौके पर बेरहमी से पीटा और करंट के झटके जैसी यातनाएं दीं। परिजनों का यह भी कहना है कि वह नशे का आदी था। इसके बाद जेल में ही उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे अस्पताल लाया गया जहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जा रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
बुधवार को सिटी के नागरिक अस्पताल में मजिस्ट्रेट की निगरानी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। नागरिक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पीयुष जैन ने बताया कि मृतक को एचआईवी और काला पीलिया था। इससे उसकी तबियत खराब हो गई और मौत हो गई।
मृतक युवक चोरी के आरोप में पकड़ा गया था लेकिन वह नशे का आदी था। बीमार होने की वजह से उसकी मौत हुई है। परिजनों ने अभी तक कोई शिकायत नहीं दी है।
कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी, बलदेव नगर