अंबाला। शहजादपुर के पतरेहड़ी बस स्टैंड के पास मुलाना की एमएम यूनिवर्सिटी की छात्रा का युवक बैग छीनकर भाग गया। इस मामले की सूचना जैसे ही पुलिस को दी तो पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए युवक गन्ने के खेत से काबू कर लिया। इस मामले में युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को पीड़िता लवप्रीत कौर ने बताया कि वह वीरवार शाम छह बजे बस से अपने घर पतरेहड़ी लौट रही थीं। जैसे ही वह वह अपने गांव के बस स्टैंड पर उतरी और पिता की स्कूटी पर बैठने लगीं वैसे ही एक युवक आया और धक्का देकर बैग छीनकर भाग गया। जिसकी सूचना तुरंत शहजादपुर पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने तत्परता से आरोपी की पहचान कर उसे काबू किया। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी युवक को गन्ने के खेत से काबू किया। वह खेत में छिप गया था। आरोपी की पहचान गांव कोड़वा खुर्द निवासी अमन उर्फ विपिन के रूप में हुई है। जो कि नशेड़ी किस्म का व्यक्ति है। बैग को आरोपी से बरामद कर लिया है। जिसमें छात्रा का मोबाइल, पैसे व जरूरी सामान था। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।