मुलाना। थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिगा के साथ उसके ही गांव के रहने वाले आरोपी युवक ने देररात को कमरे में आकर जबरदस्ती की और कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी विकास मौके से फरार हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में 16 वर्षीय नाबालिगा ने बताया कि वह 12 वीं कक्षा की छात्रा है। जब वह दसवीं में थी तो उसकी दोस्ती गांव के ही लड़के से हो गई थी, लेकिन छात्रा ने दसवीं की पढ़ाई के चलते उससे दोस्ती तोड़ ली थी। इससे बौखलाए आरोपी युवक ने नाबालिगा का रास्ता रोका और उसे जान से मारने की धमकी दी। नाबालिगा ने यह बात अपने माता पिता को बताई। इसके बाद आरोपी युवक को पंचायत में सरपंच की मौजूदगी में समझाया और उसकी जिम्मेदारी उसके माता-पिता को दी गई।
शिकायत के अनुसार आरोपी नहीं सुधरा और वह नाबालिगा को तंग करता रहा। 15-16 मई की रात तीन बजे आरोपी नाबालिगा के कमरे में पहुंच गया। कमरे में नाबालिगा और उसका भाई सो रहा था। उसकी मम्मी साथ वाले कमरे में सोई थी। आरोपी युवक ने कमरे में आकर नाबालिगा के मुंह पर हाथ रख दिया और इस कारण नाबालिगा की आंख खुल गई। आरोपी नाबालिगा के साथ जबरदस्ती करते हुए उसके कपड़े फाड़ने का प्रयास करने लगा। नाबालिगा ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग लगा। एसे पकड़ने के लिए नाबालिगा की मम्मी, पापा ओर भाई ने प्रयास किया, लेकिन वो पकड़ में नहीं आया। इस कारण नाबालिगा के पिता को गिरकर चोट भी लग गई। नाबालिगा के अनुसार आरोपी ने शराब पी हुई थी।