अंबाला। महिला के लेनदेन के चक्कर में फंसी विवाहिता ने सल्फास निगलकर लिया। इससे उसकी मौत हो गई। कुरुक्षेत्र के गांव फालसंडा रांगड़ान निवासी 28 वर्षीय सोनिया के पास से सुसाइड नोट भी मिला।
चार पेज के इस नोट में पैसे के लेनदेन में फंसाकर खुशहाल जिंदगी बर्बाद करने का जिक्र है और उसका जिम्मेदार बाबैन निवासी मीना को ठहराया है। उसने लिखा कि पहले महिला ने खुद पैसे खाते में डाले और दूसरे को ट्रांसफर करने के लिए कहा। फिर ब्लैकमेल करने लगी। जबकि पति के लिए लिखा कि सॉरी बाबू, प्लीज मुझे माफ कर देना, यहां मुझे मां-बाप से ज्यादा प्यार मिला। मुझे माफ कर देना बस एक बार प्लीज, सॉरी। गुड़िया का ध्यान रखना और अपना भी..., मैं आपके लायक नहीं हूं। सॉरी, सॉरी आई लव यू मुझे माफ कर देना...। पुलिस ने मीना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
ये है सोनिया का सुसाइड नोट
मैं सोनिया, मेरी मौत की जिम्मेदार बाबैन की रहने वाली मीना हैं। मुझे उसने जैसे-जैसे बोला मैंने वैसे आगे दी राशि ट्रांसफर करती रही। उसका मुझे नहीं पता था कि वो कहां से लेकर आती थी पर उसने जैसे कहा बस उसके कहने पर पेमेंट डाली और जब वो फंस गई तो मुझे ब्लैकमेल करने लगी कि मैंने तो तेरे अकाउंट में डाली तू लाकर दे और उसने जिस-जिस से पेमेंट ली हुई थी, उनसे मेरे पास फोन कराने लगी। मुझे टॉर्चर करने लगे और मैं उन लोगों को भी नहीं जानती बस उसके कहने पर मेरे अकाउंट में पैसे डाले और मेरी ज्वेलरी भी उसी के पास पड़ी है। जो वो डरा धमका कर लेकर गई। बस उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी और मेरे घर वालों और ससुरालियों और मेरे पति को इस बारे में कुछ नहीं पता था। जिन लोगों से पैसे डलवाती थी, उनसे भी फोन कराती थी। मुझे बहुत ज्यादा प्रताड़ित किया गया, पहले तो मुझसे आगे पेमेंट डलवाती रही, बाद में मुझे ही शिकार बना दिया। मैंने जो कुछ भी गंवाया वो मेरे अपने पैसे थे। मैं तो उन लोगों को नहीं जानती जिनसे ये पैसे डलवाती थी। मीना ने मेरी हंसती-खेलती जिंदगी बर्बाद कर दी। सबकी नजरों में गिरा दिया।
मायका पक्ष- ससुराल में खुश थी बेटी
मृतक सोनिया के पिता जरनैल सिंह ने बताया कि सोनिया की 18 नवंबर 2018 को अंबाला के गांव मोटा माजरा निवासी तरविंदर सिंह के साथ शादी हुई थी और तीन साल की बेटी है। वह ससुराल में खुश थी। दामाद तरविंदर सिंह उर्फ प्रिंस साहा फ्रूट कंपनी में वाटर ट्रीटमेंट के पद पर नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह 8-9 बजे उसके दामाद तरविंदर ने फोन करके बताया कि सोनिया ने सल्फास खा लिया है। तबीयत बिगड़ने पर एमएम अस्पताल सद्दोपुर में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
वर्जन
आखिर किस बात का लेनदेन था, यह परिजनों को भी नहीं पता। जांच के बाद ही पता चलेगा। अभी सुसाइड नोट में लिखी राइटिंग की जांच होगी कि यह सोनिया ने लिखा है कि नहीं। खाते भी खंगाले जाएंगे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सब इंस्पेक्टर जय भगवान, जांच अधिकारी, थाना अंबाला सदर।