मुलाना। क्षेत्र के उगाला में बिजली किल्लत के लिए चौथे दिन भी ग्रामीणों ने बाजार में दुकानें बंद कर रोष जताया। वहीं मुलाना विधायक राजबीर सिंह बराड़ा व हलका प्रधान रणदीप सिंह बराड़ा समेत पांच लोग धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना पर प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
राजवीर सिंह ने कहा कि गांव वालों की मांग वाजिब है। अगर कांग्रेस सरकार बिजली नहीं दे पाई तो वह इनेेलो की सरकार आते ही पहला काम उगाला को अर्बन घोषित करने का करेंगे। गांव के लोगों ने चेताया कि अगर जल्द समस्या का हल नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन के बाद शाहाबाद बराड़ा मार्ग को जाम कर देंगे।
इस दौरान लोगों ने पावर हाउस पर ताला जड़कर हरियाणा सरकार व बिजली बोर्ड के खिलाफ जमकर नारे लगाए। मार्केट प्रधान नेत्रपाल राणा, नेत्र पाल जैन, सुरेश कुमार जैन, सरदार स्वर्ण सिंह, हरजिंद्र सिंह, मुकेश धीमान, राकेश बुद्धिराजा, महेश कुमार ने बताया कि आज उनका प्रदर्शन चौथे दिन में प्रवेश कर गया, लेकिन कोई भी अधिकारी उनकी सुनने नहीं आया। बिजली के बिना पीने के पानी का संकट भी पैदा हो रहा है। यहां पर कुछ समय के लिए बिजली आती है इसमें भी अघोषित व लंबे कट लग रहे हैं। लोगों ने कहा कि चौबीस घंटे बिजली लेकर ही रहेंगे।
मार्केट प्रधान नेत्र पाल राणा उगाला, हरमन सिंह प्रेम नगर, जसबीर सिंह, पाला राम व ब्रजेश कुमार शर्मा शुक्रवार को हड़ताल पर बैठे। लोगों ने बताया कि हर रोज लोग हड़ताल पर बैठेंगे। अगर समस्या का हल नहीं हुआ तो शाहाबाद बराड़ा मार्ग जाम कर दिया जाएगा।