अंबाला। कन्याकुमारी सहित तिरुपति भगवान के दर्शनों के लिए चलने वाली भारत गौरव ट्रेन की बुकिंग शुरु हो गई है। यह कार्यवाही आईआरसीटीसी ने आरंभ कर दी है। आईआरसीटीसी की ओर से संचालित तृतीय एसी कोच से लैस भारत गौरव ट्रेन में यात्रा के दौरान दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के दर्शन होंगे।
यह यात्रा 12 दिनों की होगी। यात्रा के दौरान रामेश्वरम में श्री रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरई में मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी में स्थानीय दर्शनीय स्थल, त्रिवेंद्रम (कोच्चुवेली) में पद्मनाभस्वामी मंदिर, कोवलम समुद्र तट और तिरुपति में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर जैसे दिव्य स्थानों के दर्शन करवाए जाएंगे। भारत गौरव ट्रेन द्वारा दक्षिण भारत यात्रा 28 जुलाई को अमृतसर स्टेशन से रवाना होगी और 9 अगस्त को अमृतसर वापिस आएगी। यात्रा पैकेज में तृतीय श्रेणी कम्फर्ट और स्टैंडर्ड क्लास शामिल है। पर्यटकों के पास यात्रा के दौरान अमृतसर, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत,सोनीपत और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने और उतरने के विकल्प दिए हैं।
इस पैकेज में ट्रेन टिकट, भोजन (चाय-नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना), सड़क परिवहन के लिए स्टैंडर्ड श्रेणी में नॉन-एसी बस एवं नॉन-एसी आवास और कम्फर्ट श्रेणी में एसी आवास और उपलब्धता अनुसार एसी एवं नॉन एसी बस की व्यवस्था शामिल है। ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, कोच सुरक्षा गार्ड और हाउस कीपिंग सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। कम्फर्ट श्रेणी में यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति किराया 35 हजार 810 रुपये होगा, वहीं स्टैंडर्ड क्लास में प्रति व्यक्ति किराया 30 हजार 500 रुपये होगा। यह किराया किश्तों में भी अदा किया जा सकता है। ट्रेन में कुल 780 सीटें हैं। इसमें कम्फर्ट क्लास की 380 और स्टैंडर्ड की 400 सीटें शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पहले आईआरसीटीसी ने पहली यात्रा के तहत सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग, महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग जैसे दिव्य स्थानों के दर्शनों के लिए 13 दिवसीय स्पेशल ट्रेन चलाई थी जोकि 16 जून को अमृतसर स्टेशन से रवाना हुई थी और 28 जून को अमृतसर वापस पहुंची थी। इसके बाद आईआरसीटीसी ने पांच जुलाई को अयोध्या के लिए भारत गौरव ट्रेन का संचालन पठानकोट से किया था।