मुलाना के उगाला गांव में आयोजित मेले में पंहुची विधायक पूजा चौधरी। प्रवक्ता
- फोटो : samvad
मां शाकंभरी देवी मंदिर में वार्षिक मेला आयोेजित
संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। उगाला गांव स्थित श्री मां शाकंभरी देवी मंदिर में 60वां वार्षिक मेला आयोजित हुआ। 24 से 26 अक्तूबर तक चले इस तीन दिवसीय मेले में काफी श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माता भगवती के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की मन्नतें मांगीं।
यह मेला वर्ष 1966 में शुरू हुआ था और अब 60 वर्ष पूरे कर चुका है। छह दशकों से यह क्षेत्र की धार्मिक एकजुटता और अटूट आस्था का मुख्य केंद्र बना हुआ है। मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल राणा, सचिव देवेंद्र राणा और अश्विनी शर्मा ने कहा कि 60 वर्षों के सफर में श्रद्धालुओं की संख्या में करीब दस गुना वृद्धि दर्ज की गई है। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। मुलाना विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूजा चौधरी और इंद्री के विधायक राम कुमार कश्यप ने मेले में विशेष रूप से शिरकत की। दोनों नेताओं ने मां शाकंभरी देवी के चरणों में माथा टेककर क्षेत्र की खुशहाली और तरक्की की प्रार्थना की।
खजांची मुकेश कुमार जैन ने बताया कि वर्ष 2023 से 2026 के बीच मंदिर के सुंदरीकरण पर खर्च किया गया है। बुनियादी सुविधाओं पर भी एक से डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस विकास यात्रा में गांववासियों का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा है। मंदिर समिति ने अतिथियों का स्वागत किया।