अंबाला सिटी। सारंगपुर गांव में पंचायती जमीन पर कब्जा छुड़ाने पहुंची पंचायत विभाग की टीम काे ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। टीम को खदेड़ने के लिए महिलाएं एकत्रित हो गईं, उन्हें लाठी और ईंटें दिखाकर डराने की कोशिश की।
इसके बाद मौके पर मौजूद बीडीपीओ अश्वनी कुमार ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया। मगर ग्रामीण नहीं माने और ईंट से मौके पर माैजूद जेसीबी का शीशा भी तोड़ दिया। इसके बाद अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इसके बाद पुलिस बल ने ग्रामीणों को शांत किया और पांच महिला समेत कुल नौ ग्रामीणों को हिरासत में लिया। इसके बाद अधिकारयों ने चहारदीवारी के लिए निशानदेही का कार्य शुरू किया।
एक एकड़ जमीन पर कब्जे का आरोप
सारंगपुर गांव की सरपंच मनप्रीत कौर के पति रमेश कुमार ने बताया कि गांव में एक एकड़ जमीन पर सरकारी स्कूल के लिए खेल का मैदान बनाया जाना प्रस्तावित है। मगर गांव के ही कुछ लोगों ने इस जमीन पर कब्जा किया है। वर्ष 2021 में इस जमीन पर कोई भी मकान नहीं बनाया गया था। हाल ही में हुए चुनावों के दौरान जब आचार संहिता लगी तो इस जमीन पर मकान बना लिया गया। इसे हटाने के लिए ही मंगलवार को पंचायत विभाग टीम यहां पर पहुंची थी।
खुद को आग लगाने का भी प्रयास
टीम की कार्रवाई के दौरान एक ग्रामीण ने खुद पर स्टील के जग में भरे पेट्रोल से आग भी लगानी चाही। मगर परिजनों ने ही उसके हाथ से पेट्रोल का जग छीन लिया। इसके बाद पुलिस उसे भी अपने साथ ले गई।
वर्जन
मामले में उपद्रव करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने पर पांच महिलाओं समेत नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है। आगामी आदेशों के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-शंभू लाल, थाना प्रभारी, अंबाला सदर