अंबाला। 12 क्रॉस रोड पर मंदिर तोड़ने पहुंची नगर परिषद की टीम को स्थानीय निवासियों का रोष झेलना पड़ा। लोगों की बढ़ती तादाद को देखते हुए मंदिर को तोड़ने का कार्य लंबित कर दिया गया है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने कहा कि पहले नए मंदिर का निर्माण करवाया जाए जिससे यहां विधी-विधान से मूर्ति स्थापित की जा सके। वहीं आवागमन के लिए रास्ता भी दुरुस्त हो। मौके पर मौजूद नगर परिषद के इंजीनियर राहुल मोर ने बताया कि अंबाला छावनी के उपमंडल अधिकारी की तरफ से आदेश जारी किए गए थे कि अनधिकृत तौर पर बने मंदिर को हटाया जाए।
इसकी जानकारी मंदिर में रहने वाले लोगों को दी गई थी लेकिन कार्रवाई को अभी टाल दिया है। दरअसल सेवा समिति चौक से लेकर महाराजा ढाबे तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है जोकि अवरोधकों के कारण लगातार लंबित हो रहा है।
58 वर्ष पुराना है मंदिर
मंदिर के पुजारी सुखदेव गिरी ने बताया कि यह शिव मंदिर लगभग 58 वर्ष पुराना है और लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। उनका केस अभी कोर्ट में लंबित है और मंगलवार को नगर परिषद की टीम तोड़फोड़ के लिए पहुंच गई।
मंदिर के दो कमरों पर कार्रवाई की जानी थी लेकिन टीम के साथ मौजूद अधिकारियों ने बताया कि पूरे मंदिर को हटाया जाना है। ऐसे में यह एक तरफा कार्रवाई गलत है। मंदिर में उनका परिवार रहता है और भक्तों का भी आवागमन होता रहता है। ऐसे में बिना किसी पूर्व सूचना के कार्रवाई करना गलत है।