अंबाला। छावनी की श्रीराम लीला कमेटी बजाजा बाजार की ओर से वीरवार शाम को बीडी स्कूल के पास से भगवान श्री राम की बारात निकाली गई। कार्यक्रम में सेशन जज डॉ. नीलिमा सांगला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और श्री राम बारात का शुभारंभ करवाया। कमेटी के प्रधान संजीव जिंदल की देखरेख में निकाली गई यह शोभायात्रा अंबाला छावनी के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी। इस दौरान बरात में शामिल झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
शामली से आए कलाकारों द्वारा गोरिला एवं बिल्ली का रूप धरकर प्रस्तुति दी। सबसे आगे श्री गणेश जी का रथ, इसके पीछे महर्षि विश्वामित्र, गुरु वशिष्ठ और मंत्री सुमित्रा के रथ चल रहे थे। राजा दशरथ विंटेज कार में सवार थे, जबकि सुरक्षा व शोभा के लिए घोड़ों पर सवार रक्षक साथ चल रहे थे। मनीमाजरा का शक्ति बैंड, अंबाला कैंट का हीरा बैंड और सहारनपुर का अशोक बैंड भजनों की स्वर लहरियां बिखेर रहे थे। सहारनपुर की विशेष लाइटिंग छतरी ने रात में समां बांध दिया। महाकाल आरती नृत्य व पालकी, लाल कुर्ती की झांकी तथा इस्कॉन संकीर्तन नृत्य मंडली ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। रुड़की से आया भरत-शत्रुघ्न का रथ, श्री राम लला की भव्य झांकी और अंत में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामचंद्र जी का पावन रथ शामिल रहा।