अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल में अचानक बिजली ट्रिप होने के बाद खराब हुई सीटी स्कैन मशीन सोमवार दोपहर बाद दुरुस्त हुई। दो दिन से खराब मशीन का मुंबई से आए इंजीनियर ने दुरुस्त कर मरीजों को राहत दी।
दो दिनों से यह स्थिति थी कि मरीजों को मजबूरन 10 किलोमीटर दूर यानी अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में स्कैन के लिए रेफर किया जा रहा था। या तो मरीजों को निजी सेंटरों में जाकर चक्कर काटने पड़ रहे थे। सोमवार सुबह के समय तो मरीज अस्पताल में ही मशीन के दुरुस्त होने का इंतजार कर रहे थे, जिससे कि शहर अस्पताल जाने के चक्कर से बच सके।
कुर्सियां भी कम पड़ने के कारण मरीज फर्श पर बैठकर इंतजार करते हुए नजर आ रहे थे। जबकि सेंटर संचालक द्वारा फाल्ट का कारण इस बिजली का अचानक ट्रिप होना बताया जा रहा है। जबकि बिजली निगम की तरफ से ऐसा कुछ नहीं हुआ। मशीन में ही तकनीकी खराबी बताई जा रही है। दरअसल, नागरिक अस्पताल में इसी तरह पिछले माह फाल्ट के चलते करीब 15 घंटे तक बिजली गुल हो गई थी। उस समय भी बड़ा फाल्ट आ गया था। बाद में वह दुरुस्त हो गया था लेकिन बाद में भी अस्पताल की कुछ मशीन खराब हो गई थी।
वर्जन
मशीन में अचानक बिजली ट्रिप होने के कारण फाल्ट आ गया था, उसे मुंबई के इंजीनियर द्वारा दुरुस्त करवा दिया गया है। मरीजों के स्कैन दोबारा से शुरू कर दिए गए है।
पुरुषोत्तम दास, संचालक, सीटी स्कैन छावनी नागरिक अस्पताल