संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। मानवता और फर्ज निभाते हुए जम्मू पुलिस की स्पेशल फोर्स के एक जांबाज जवान ने अपनी जान गंवा दी। कैंट क्षेत्र के पास सड़क किनारे खड़ी एक खराब कार में सवार महिलाओं की मदद करने उतरे मुख्य सिपाही शाहबाज अहमद व उनके साथ जोरावार सिंह को एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में शाहबाज अहमद की मौत हो गई।
पड़ाव थाना प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि कुछ महिलाएं दिल्ली में आयोजित एक समागम में शामिल होने के बाद अपनी किआ कार से सरहिंद लौट रही थीं। कैंट के समीप पहुंचते ही अचानक सड़क पर पड़ी एक लोहे की पत्ती कार के टायर में जा फंसी। इससे गाड़ी बीच सड़क पर ही रुक गई। चालक ने किसी तरह कार को सड़क के एक किनारे लगाया और टायर में फंसी पत्ती को निकालने का प्रयास करने लगा। इस दौरान सभी महिलाएं कुछ दूरी पर खड़ी हो गईं।
पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने मारी टक्कर
इसी दौरान वहां से गुजर रहे जम्मू पुलिस की स्पेशल फोर्स के मुख्य सिपाही शाहबाज अहमद और उनके साथी जोरावर सिंह ने महिलाओं को परेशानी में देखा। मदद के इरादे से दोनों जवान अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और कार के टायर से पत्ती निकलवाने में जुट गए। तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित व तेज रफ्तार कैंटर ने किआ कार को जोरदार टक्कर मार दी।
साथी की शहादत से गमगीन विभाग, राजौरी से पहुंचे साथी
हादसे की सूचना मिलते ही राजौरी से स्पेशल फोर्स के निरीक्षक रविंद्र अपने अन्य साथियों के साथ कैंट के नागरिक अस्पताल पहुंचे। अपने जांबाज साथी को खोने से गमगीन निरीक्षक रविंद्र ने बताया कि शाहबाज बेहद हंसमुख और दिलदार व्यक्तित्व के मालिक थे। वह हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहते थे। उन्होंने बताया कि शाहबाज ने कश्मीर में कई कठिन और महत्वपूर्ण ऑपरेशनों के दौरान पूरी बहादुरी से उनका साथ दिया था। शहीद जवान शाहबाज अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।