अंबाला सिटी। शहर बस स्टैंड के पास पार्किंग की जगह में रेहड़ी-फड़ी लगाने पर कपड़ा मार्केट दुकानदारों ने विरोध जताया। दुकानदारों को रेहड़ी-फड़ी लगने का पता चला तो काफी दुकानदार मौके पर पहुंचे गए। उनका कहना है कि इस जगह पर कपड़ा मार्केट में खरीदारी करने वाले ग्राहकों व दुकानदारों के लिए पार्किंग बनाई गई है। वह यहां रेहड़ी-फड़ी नहीं लगने देंगे।
विरोध में दुकानदारों ने दुकानों पर ताले लगा दिए और मार्केट को बंद कर दिया। उनका कहना था कि अगर रेहड़ी-फड़ी लगी तो वह अपनी दुकानों के ताले बंद कर चाबियां प्रशासन को सौपेंगे। वहीं रेहड़ी-फड़ी मार्केट एसोसिएशन ने भी उनको स्थायी जगह देने की मांग की, ताकि उनके परिवार का गुजारा चल सके। उनका कहना है कि वह पिछले एक माह से धक्के खा रहे हैं। वहीं दोपहर में रोडवेज महाप्रबंधक कार्यालय में महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा, सिटी थाना एसएचओ नरेंद्र सिंह, जजपा नेता विवेक चौधरी, मार्केट एसोसिएशन कार्यकारी प्रधान मोहन गोयल की बैठक हुई। इसके बाद पुलिस ने पार्किंग में लगाई रेहड़ियों को हटवा दिया।
कपड़ा मार्केट में लगी रेहड़ी-फड़ी को भी हटवाएंगे
रेहड़ी-फड़ी वालों को एलआईसी भवन के पास प्रशासन ने जगह दी है। अगर यहां रेहड़ी-फड़ी लगाएंगे तो उनकी गाड़ियां कहां जाएंगी। शहर को 15 दिन पहले ही रेहड़ी-फड़ी हटने से जाम से निजात मिली है। अब कपड़ा मार्केट में लगी रेहड़ी-फड़ी को भी हटवाएंगे। विधायक असीम गोयल को भी मिलेंगे।
-मोहन गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष, दी क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन अंबाला।
तो सड़क पर लगाएंगे गाड़ियां : जिंदल
अगर यहां रेहड़ी-फड़ी लगी तो वह भी सड़क पर गाड़ियां लगाएंगे। चाहे शहर में जाम क्यों न लग जाए। कपड़ा मार्केट में दुकानदारों के कारण रेहड़ी-फड़ी पर ग्राहक जाते हैं। उनका रोजगार भी मार्केट से ही चल रहा है। भविष्य में रेहड़ी-फड़ी लगाई गई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और फड़ी हटवाएंगे।
-सुनील जिंदल, जनरल सेक्रेटरी, दी क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन अंबाला।
हम क्या सिर्फ जीएसटी देने वाले हैं : पवन गर्ग
कपड़ा मार्केट दुकानदार क्या खाली जीएसटी देने वाले या दूध निकालने वाली गाय हैं। हमें भी पार्किंग चाहिए। सभी सुविधाएं चाहिए। रेहड़ी-फड़ी वाले भी हमारे साथी हैं। वह भी रोजगार कमा रहे हैं, लेकिन हमारा घर बसा है तो उसे न उजाड़ें। उनको कहीं और जगह दी जाए। पानी, बिजली की सुविधा दी जाए।
-पवन गर्ग, दुकानदार, अग्रवाल पर्स पैलेस।
मार्केट के अलावा कोई बड़ी इंडस्ट्री नहीं : गर्ग
कपड़ा मार्केट के कारण ही अंबाला शहर की पहचान है। मार्केट में 10 हजार से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं। जिनको यहां से रोजगार मिल रहा है। मार्केट के अलावा कोई बड़ी इंडस्ट्री नहीं है। दुकानदारों को पार्किंग की सुविधा दी जाए। निगम रेहड़ी-फड़ी को भी दूसरी जगह जमीन अलॉट करे।
-रामरत्न गर्ग, दुकानदार।
बच्चों की फीस नहीं भरी जा रही : माया
हमें डेढ़ महीना हो गया है। बच्चों के सिर पर कोई कमाने वाला नहीं है। बच्चों की फीस नहीं भरी जा रही है। निगम से लोन लिया हुआ हैं। वह कैसे लोन उतारेंगे। उनको इधर से उधर दौड़ाया जा रहा है। हम जगह-जगह जा रहे हैं, मगर कोई सुनवाई नहीं है। प्रशासन से मांग है कि उन्हें जगह दी जाए।
-माया देवी, सदस्य, रेहड़ी-फड़ी मार्केट एसोसिएशन
परिवारों पर रोजगार का संकट : रामदास
हम कहां जाएंगे, कहीं न कहीं तो रेहड़ी लगाएंगे। यहां 500 से ज्यादा लोग हैं, जिनके परिवारों पर रोजगार का संकट है। हम सभी जगह गए, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। हमने जजपा नेता विवेक चौधरी के समक्ष अपनी समस्या रखी थी, उनसे हल करवाने की मांग की थी। पता नहीं हमें कब जगह दी जाएगी।
-रामदास, प्रधान, रेहड़ी-फड़ी मार्केट एसोसिएशन।
सरकार ने रेहड़ी-फड़ी वालों को लोन दे रखा है। उनके लाइसेंस बनाए गए हैं। जहां वह रेहड़ी-फड़ी लगाना चाह रहे हैं, वह जगह रोडवेज की नहीं है। वह आगामी रणनीति तैयार कर रहे हैं। अगर धरना देना पड़ा तो वह देंगे।
-विवेक चौधरी, नेता, जननायक जनता पार्टी।
रेहड़ी-फड़ी को पार्किंग की जगह से हटवा दिया गया है। अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी नहीं लगने दी जाएगी। यहां कारें पहले से खड़ी हैं। इनको हटाने के लिए भी बातचीत की जाएगी। मसले का हल निकाला जाएगा।
-नरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, अंबाला सिटी।
बस स्टैंड के पास जमीन में जो अवैध रेहड़ी-फड़ी मार्केट लगाने की कोशिश की गई थी। यह मल्टीलेवल पार्किंग की जगह हैं। यहां यह प्रोजेक्ट बनना है। यह गाड़ियों का आने-जाने का रास्ता है। इसके लिए पुलिस को लिखकर दिया है।
-अश्वनी डोगरा, रोडवेज महाप्रबंधक, अंबाला।