अंबाला। नारायणगढ़ से बधौली जा रही हरियाणा रोडवेज की बस रुकवाने के बाद चार-पांच बदमाशों ने परिचालक पर रॉड व डंडों से हमला कर दिया। बेखौफ बदमाश बाइक पर आए और बस के आगे दो बाइकें लगाकर रोक दिया। बीचबचाव करने के लिए चालक आया तो उसके साथ भी मारपीट की। बस में तोड़फोड़ करते हुए कंडक्टर का नकदी से भरा हुआ बैग भी छीनने का प्रयास किया। बदमाश धमकी देकर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल कंडक्टर को अस्पताल में दाखिल करवाया। बदमाशों ने ई-मैक्स कॉलेज के निकट वारदात को अंजाम दिया। इलाका पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में हरियाणा रोडवेज के कंडक्टर संजीव कुमार ने बताया कि वह अंबाला डिपो के अधीन नारायणगढ़ में ड्यूटी पर कार्यरत है। 15 जून को उसकी नारायणगढ़ से कालपी वाया बधौली जाने वाली बस पर ड्यूटी थी। वह बस लेकर शाम चार बजे कालपी से नारायणगढ़ के लिए चले थे। जैसे ही ई-मैक्स कॉलेज के पास पहुंचे तो बिना नंबर की दो बाइकों पर हथियारों से लैस बदमाशों ने हमला कर दिया। इस हमले के दौरान सवारियां भी सहम गई थी। इलाका पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।