रॉबर्ट पैवेलियन मैदान में सीनियर व जूनियर खिलाड़ी: स्वयं
अंबाला। रॉबर्ट पैवेलियन मैदान में फुटबॉल की नर्सरी को दोबारा जीवित करने की कवायद तेज हो गई है। मैदान में हाल ही में शुरू हुई निशुल्क फुटबॉल नर्सरी के खिलाड़ियों के बीच शुक्रवार को पहला मैत्री मैच खेला गया। यह मुकाबला सीनियर व जूनियर खिलाड़ियों की टीम के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले को सीनियर टीम ने 2-1 से स्कोर से जीत लिया।
सीनियर टीम से मोहित व दुर्गेश और जूनियर टीम से लक्ष्य ने गोल किया। पहले मुकाबले को लेकर युवा खिलाड़ी बेहद उत्साहित दिखाई दे रहे थे। नर्सरी के प्रशिक्षक कोच पूर्व खिलाड़ी शेर सिंह, नरेंद्र कुमार (खड़कू), कुलवंत सिंह पम्मी, रविंद्र सिंह व देव राज ने बताया कि शाम के समय बच्चों को फुटबॉल की बारीकियां और तकनीकी गुर सिखा रहे हैं। खिलाड़ियों की तकनीक व शारीरिक क्षमता को परखने के लिए समय-समय पर ऐसे मैत्री मैच आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके।
बॉक्स
अंबाला को दोबारा फुटबॉल हब बनाने का लक्ष्य
पूर्व खिलाड़ी शेर सिंह ने बताया कि रॉबर्ट पैवेलियन मैदान में चल रही इस निशुल्क नर्सरी का मुख्य उद्देश्य अंबाला कैंट की पुरानी फुटबॉल विरासत को सहेजना है। नर्सरी में बड़ी संख्या में युवा पहुंच रहे हैं, जिन्हें अनुभवी कोचों द्वारा मुफ्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
-