अंबाला सिटी। नई सब्जी और फल मंडी से जैन कॉलेज की तरफ जाने वाली सड़क बीते पांच वर्षों से बदहाल है। प्रशासन की ओर से इतने वर्षों में गड्ढे भरने के लिए कोई मिट्टी भी डालकर नहीं गया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब उनके पास सड़क और नाले के निर्माण की कोई उम्मीद ही बाकी नहीं है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नेता और अधिकारी उन्हें वायदे तो करके चले जाते हैं, लेकिन उनकी सड़क और नाले का निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हुआ। सड़क को बनवाने के लिए क्षेत्रवासी कई बार धरना भी दे चुके हैं। नगर निगम ने अंबाला शहर की सड़कों के लिए निविदा जारी कर दी है।
ड्रोन से लेकर गए थे पैमाइश
दुकानदार रमेश कुमार ने बताया कि निगम की ओर से 25 दिन पहले कुछ लोग आए थे और ड्रोन से सड़क को माप कर लेकर गए थे। इसके बाद पांच दिन पहले ही कुछ कर्मचारी सड़क का माप भी लेकर गए हैं। लेकिन अभी तक काम शुरू होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
खुद कराया निकासी का इंतजाम
स्थानीय निवासी नीरजा ने बताया कि नाला न बनने के कारण उन्हें अपने स्तर पर ही गंदे पानी की निकासी के लिए खुदाई करवानी पड़ी। हालांकि निगम की ओर से जेसीबी मशीन भेजी गई थी। यहां पर सीवरेज भी बनी हुई है, लेकिन शुरू नहीं हुई है।
कई फुट भर जाता है पानी
स्थानीय निवासी कमलेश ने बताया कि जब बाढ़ आई थी तो यहां पर चार चार फुट पानी भर गया था। बड़ी मुश्किल से उन्होंने अपना समय काटा था। हल्की सी बारिश होने के बाद ही यहां घरों में पानी चला जाता है। कई दिनों तक गंदे पानी की बदबू झेलनी पड़ती है।
नेता और पार्षद देते हैं सिर्फ आश्वासन
स्थानीय निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके क्षेत्र में मेयर से लेकर पार्षद भी आश्वासन देने आ चुके है। पर इसके बाद भी उनकी सड़क का यही हाल बना हुआ है। नाला भी नहीं बन रहा है। इस कारण गंदे पानी की निकासी भी प्रभावित हो रही है।
वर्जन
सड़क के लिए कई बार बात कर चुके है। इसको लेकर निगम आयुक्त से मिलकर बात करेंगे और सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करवाया जाएगा।
जसबीर सिंह, पार्षद वार्ड नंबर एक, अंबाला शहर
दुकानदार रमेश कुमार।
दुकानदार रमेश कुमार।
दुकानदार रमेश कुमार।