अंबाला में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते छावनी बस अड्डे पर पानी पीता यात्री।
अंबाला। भीषण गर्मी में तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। लू के थपेड़े चेहरे को झुलसा रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों की स्कूलों से छुट्टियां होने के कारण बस स्टैंड पर यात्रियों का जमावड़ा रहता है।
भीषण गर्मी में सबसे पहली जरूरत है पानी, अगर वह भी ठंडा न मिले तो हाल बेहाल है। अंबाला छावनी का बस अड्डा सबसे व्यस्त बस स्टैंड है। इस बस अड्डे रोजाना 500 से अधिक बसों का आना जाना लगा रहता है। इसी तरह से रोजाना ही 10 से 15 हजार यात्रियों का आवागमन लगा रहता है।
इस बस अड्डे से करीब आधा दर्जन राज्यों की बसे गुजरती हैं, लेकिन इस भीषण गर्मी में यात्रियों को ठंडा पानी को नसीब नहीं हो रहा है। कारण है, पानी का वाटर कूलर में जमा न होना और पानी का ठंडा न होना। अंबाला छावनी बस स्टैंड पर तीन वाटर कूलर लगे हुए है और तीनों वाटर कूलर चालू अवस्था में है। बस स्टैंड के काउंटर नंबर एक पर एक वाटर कूलर और काउंटर नंबर 17-18 पर दो वाटर कूलर लगे हैं।
बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ के चलते वाटर कूलर भरते नहीं है जिसके कारण वाटर कूलर में न तो पानी जमा हो रहा है और न ही ठंडा हो रहा है। इन वाटर कूलर के आसपास यात्रियों की भीड़ लगी रहती है जो वाटर कूलर से बोतलों में पानी भरते रहते हैं। जिसके कारण वाटर कूलर में पानी जमा नही हो रहा है। पानी के जमा न होने के कारण वह ठंडा भी नहीं हो रहा है। ऐसे में कई यात्री कैंटीन से ठंडे पानी की बोतल खरीदकर प्यास बुझाने को मजबूर हैं।
वर्जन
छावनी बस अड्डे पर तीन वाटर कूलर लगे हुए है और तीनों ही चालू हालत में है, यात्रियों की बढ़ती भीड़ के चलते लोग वाटर कूलर से बार बार पानी भरते हैं। जिसके कारण वाटर कूलर में पानी जमा नहीं हो रहा है और पानी जमा न होने के कारण ठंडा भी नहीं हो रहा है।
अजीत सिंह, अड्डा इंचार्ज, बस स्टैंड।